ग्रामीणों ने दोनों आरोपी को धरा
- फोटो : अमर उजाला
जिले के कैंट थाना क्षेत्र के बमौरी बुजुर्ग गांव में पारिवारिक विवाद के बाद उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक युवक के साथ मारपीट करने के लिए कई लोग गांव पहुंच गए। आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस 10 से अधिक लोगों ने रामदेव लोधा के साथ मारपीट की। अचानक हुई इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करते हुए हमलावरों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दो लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम पहुंची और पकड़े गए दोनों लोगों को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बमौरी बुजुर्ग निवासी रामदेव लोधा का मंगलवार सुबह अपनी भाभी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। शुरुआत में यह मामला पारिवारिक कहासुनी तक सीमित बताया जा रहा है लेकिन रात होते-होते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। रामदेव का आरोप है कि उसकी भाभी ने अपने मुंहबोले भाई को फोन करके गांव बुलाया था।
ये भी पढ़ें: छतरपुर: वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, आरक्षक को दांत से काटने वाला आरोपी एचआईवी संक्रमित, मचा हड़कंप
आरोपों के मुताबिक कुछ समय बाद वह व्यक्ति अपने साथ 10 से अधिक लोगों को लेकर गांव पहुंचा। उनके हाथों में लाठी-डंडे थे। इसके बाद रामदेव के साथ मारपीट शुरू कर दी गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और गांव में शोर सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। मारपीट होते देख ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया और आरोपियों को रोकने की कोशिश की। लोगों की भीड़ जुटने के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसी बीच कई लोग वहां से निकलकर भागने में सफल रहे, जबकि दो संदिग्धों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों को अपने कब्जे में रखा और पुलिस को सूचना दी। हालांकि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान और मारपीट में उनकी भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। बहरहाल पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से दोनों युवकों को अपने नियंत्रण में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए थाने ले गए। मौके से फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद के बाद कितने लोग गांव पहुंचे थे और घटना में किसकी क्या भूमिका रही। फिलहाल पुलिस की जांच और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। घटना के संबंध में सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।