इंदौर में दहेज प्रताड़ऩा की घटना सामने आई है।
- फोटो : सोशल मीडिया
दहेज के लिए प्रताडि़त करने के अनेक मामले रोज सामने आते हैं लेकिन एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर बेटी के परिजन हैरान हो गए। बेटी से उसके ससुरालवाले जूते साफ करवाते। कार की मांग करते और इतना ही नहीं बेटी के आरोप हैं कि उसे धीमा जहर तक दिया जा रहा था। शिकायत के बाद पुलिस ने पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल इंदौर निवासी कारोबारी की बेटी कनिका इंजीनियर है। वह पुणे की आईटी कंपनी में नौकरी करती थी। काम के दौरान ही उसकी मुलाकात अधिश से हुई जो जल्द ही प्यार में बदल गई और दोनों ने 2013 में शादी कर ली। घरवालों ने धूमधाम से शादी की और लाखों रुपए नकदी सहित सोने-चांदी के आभूषण दहेज में दिए। पति-पत्नी पुणे में रहने लगे। लेकिन बाद में ससुरालवालों ने कनिका को प्रताडि़त करना शुरू कर दिया जिसकी शिकायत उसने इंदौर के विजयनगर थाने में की। शिकायत के बाद पुलिस ने पति व ससुर को गिरफ्तार किया।
घर से निकाला तो चचेरी बहन के फ्लैट में रूकी
विजय नगर टीआई तहजीब काजी ने बताया कि कनिका ने शिकायत में बताया कि पति के साथ वह विदेश गई थी। वहीं से उसने प्रताडि़त करना शुरू किया। जब ससुराल लौटे तो ननद, सास व ससुर जूते साफ करवाने लगे। नई कार लाने की मांग करने लगे। घर में रखने से मना कर दिया तो पुणे में चचेरी बहन के फ्लैट में रहने लगी। उसे खाने में धीमा जहर देते थे। एक दिन दवाई का रैपर देखा तो पता चला कि पारा दिया जा रहा है। शिकायत के बाद पति अधिश व ससुर अशोक को हिरासत में लिया है। धीमे जहर के आरोप की जांच के लिए कनिका का ब्लड सैंपल लिया है।