मध्यप्रदेश के उज्जैन में ठगी की घटना।
- फोटो : सोशल मीडिया
ऑनलाइन ठगी को लेकर आए दिन मामले सामने आ रहे हैं लेकिन लोग अब भी सबक नहीं ले रहे और ठगी का शिकार हो रहे हैं। बड़ी ही चालाकी से ठग पढ़े लिखे लोगों को भी निशाना बना रहे हैं और लाखों रुपए ऐंठ रहे हैं।
ठगी का ऐसा ही मामला उज्जैन में सामने आया जहां भाजपा नेता को लाखों की चपत लग गई। जानकारी के मुताबिक उज्जैन में भाजपा से जुड़े मनीष नामक एक व्यक्ति के पास किसी व्यक्ति का फोन आया। उसने कहा कि आप हमारी बैंक का क्रेडिट कार्ड बनवा लीजिए, इसमें आपको ये फायदा मिलेगा। मनीष ने कहा कि मेरे पास एसबीआई का क्रेडिट कार्ड है तो व्यक्ति ने खुद की बैंक के फायदे गिनाकर ऑफर दिए और मनीष को बातों में उलझा लिया। मनीष को लगा कि सच में ऐसा होता होगा तो वे बात मानने लगे। इसके बाद ठग ने लिंक भेजी और कहा कि इस पर क्लिक करके दस रुपए ट्रांसफर कर दो तकि आगे की प्रक्रिया हो सके। मनीष ने लिंक पर क्लिक किया और दस रुपए भेज दिए। इसके बाद तो मनीष के क्रेडिट कार्ड से एक के बाद एक खाते से रुपए निकलने के मैसेज आए और करीब एक लाख रुपए निकल गए। घबराकर वे पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई।
पांच रुपए भेजे, 70 हजार कट गए
दूसरा मामला मनमोहन नाम के व्यक्ति के साथ हुआ। मनमोहन ने कुछ दिन पहले कुछ सामान कोरियर से मंगवाया था। कोरियर नहीं आया तो संपर्क किया। इसमें भी शर्मा से कहा गया कि आप पांच रुपए ट्रांसफर करके अपना मोबाइल नंबर बता दीजिए। उनको लगा कि ऐसा होता होगा तो उन्होंने ऐसा कर दिया लेकिन ऐसा करते ही उनके खाते से करीब 70 हजार रुपए निकल गए। बाद में ठगी का एहसास हुआ। इन मामलों से कुछ दिन पहले ही उज्जैन निवासी युवती के साथ भी इसी तरह की ठगी हुई थी जिसमें उसके खाते से रुपए निकल गए थे।
पुलिस कर रही है सावधानी की अपील
लगातार हो रही इस तरह की वारदातों के बाद पुलिस आमजन से अपील कर रही है कि सावधान रहें। अनजान नंबरों से आने वाले फोन पर अपने बैंक व नंबर की जानकारी न दें। इनके द्वारा भेजी जाने वाली लिंक को क्लिक न करें क्योंकि आजकल अधिकांश ठगी की वारदात लिंक भेजकर की जा रही है। लोग लिंक पर क्लिक करते हैं और खाते से रुपए कट जाते हैं।