मध्यप्रदेश के ग्वालियर के स्थानीय चिड़ियाघर में एक बेहद अटपटा मामला देखने को मिला।
यहां एक युवक आया और अचानक ही अपनी शर्ट उतारकर बाघ के बेड़े में उतर गया। सिर्फ इतना ही नहीं अपनी शर्ट उतारकर वह लड़का 2 बड़े बाघों के सामने नाचने लगा।
चिड़ियाघर में जितने आगंतुक थे वो एकबारगी स्तब्ध रह गए। फिर अचानक सब चिल्लाने और शोर मचाने लगे।
'बेटा कई दिनों से सोया नहीं है'
युवक की पहचान 23 वर्षीय यशोदानन्दन कौशिक के रूप में हुई है। जो इंदौर के एक प्राइवेट कॉलेज में इंजीनियरिंग का छात्र है।
युवक के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा कई दिनों से सोया नहीं है हो सकता है कि वैसी ही किसी थकान की वजह से ऐसा हुआ हो।
पुलिस के मुताबिक युवक चिड़ियाघर में बाघ का 20 फीट ऊंचा बाड़ा फांद गया और 2 बाघ लव और कुश के सामने शर्ट उतारकर नाचने लगा।
पुलिस ने माना आत्महत्या का प्रयास
जानकारी के मुताबिक युवक बाड़े में कूदने के बाद तब तक ऐसे ही नाचता रहा जब तक चिड़ियाघर के कर्मचारियों ने आकर उसे पकड़ नहीं लिया।
पुलिस ने फिलहाल इस मामले को आत्महत्या के प्रयास के तौर पर देखते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
पिछले साल अक्टूबर में भुवनेश्वर में इसी तरह एक चिड़ियाघर में एक आदमी बाघ के बाड़े में कूद गया था। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
ऐसे ही 2007 में गुवाहाटी के चिड़ियाघर में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वह शेर के बाड़े तस्वीरें खींचने की कोशिश कर रहा था। इस प्रयास में शेर ने उस पर हमला कर दिया था।