धार के दसाई में मन्नतधारियों के ऊपर से गुजरी सजी-धजी गायें
- फोटो : अमर उजाला
धार जिले के दसाई गांव में दिवाली के दूसरे दिन पड़वा के अवसर पर वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार गाय गोहरी पर्व अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान अपनी मन्नत पूरी होने पर मन्नतधारी जमीन पर लेट गए और उनके ऊपर से गायों का पूरा झुंड गुजर गया। इस अनोखे आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए। क्षेत्र में प्रचलित प्राचीन लोकमान्यता के तहत हर वर्ष पड़वा पर इस तरह के आयोजन का निर्वहन किया जाता है।
मन्नत पूरी होने पर आभार जताने की परंपरा
गाय गोहरी पर्व को लेकर दसाई तथा आसपास के क्षेत्र में वर्षों पुरानी गहरी मान्यता चली आ रही है। स्थानीय निवासियों के अनुसार जिन लोगों की मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं, वे दिवाली के अगले दिन आयोजित होने वाले गाय गोहरी पर्व में भाग लेते हैं। मन्नतधारी अपनी आस्था प्रकट करने के लिए जमीन पर पेट के बल लेटते हैं, जिसके बाद सजाई गई गायों के झुंड को उनके ऊपर से निकाला जाता है। ग्रामीणों का मानना है कि इस प्रकार से जमीन पर लेटकर गायों को अपने ऊपर से गुजारना भगवान के प्रति आभार व्यक्त करने का एक तरीका है। इसी अटूट विश्वास के कारण प्रतिवर्ष मन्नतधारी बिना किसी भय के इस कठिन परंपरा का हिस्सा बनते हैं। इस आयोजन से पहले गायों की विशेष रूप से पूजा-अर्चना की जाती है और उन्हें पारंपरिक तरीकों से सजाया जाता है।
ये भी पढ़ें-
एमपी में गोवंश के लिए 60 करोड़ रुपए जारी करेंगे सीएम, 3 हजार से ज्यादा गोशालाओं को मिलेगी मदद
द्वापर युग और श्रीकृष्ण से जुड़ाव
ग्रामीण रामप्रसाद परमार के अनुसार गाय गोहरी पर्व की यह ऐतिहासिक परंपरा द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के समय से जुड़ी हुई मानी जाती है। उसी काल से गायों के प्रति अटूट आस्था और सम्मान व्यक्त करने के लिए इस पर्व को मनाया जा रहा है। इस आयोजन के साथ झालर-मोगर का भी एक विशेष धार्मिक जुड़ाव बताया जाता है। गांव के बुजुर्गों के समय से निरंतर आयोजित होता आ रहा यह पर्व आज भी अपनी मूल भावना के साथ कायम है। गांव की पुरानी पीढ़ियां इस परंपरा को जिस निष्ठा से निभाती आई थीं, आज की नई पीढ़ी भी उसी श्रद्धाभाव और तत्परता के साथ इसे आगे बढ़ा रही है।
ग्रामीण लोकसंस्कृति का अनूठा प्रतीक
पर्व के दौरान पूरे गांव में किसी बड़े उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। आयोजन स्थल पर मौजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भक्तिभाव से गायों की पूजा-अर्चना की और अपने परिवार तथा संपूर्ण गांव के लिए सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। गाय गोहरी केवल एक धार्मिक अनुष्ठान मात्र नहीं है, बल्कि यह इस क्षेत्र की सदियों पुरानी लोकपरंपरा तथा समृद्ध ग्रामीण संस्कृति का सजीव प्रतीक भी बन चुका है। पीढ़ियों से चले आ रहे इस आयोजन को आज भी उसी उमंग, आस्था और पारस्परिक विश्वास के साथ निभाया जा रहा है।