कल्लू कुशवाहा को पूर्व पार्षद बालकिशन कुशवाहा की हत्या के मामले में दतिया न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। करीब 4 महीने पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।
एमपी के दतिया जिले में मंगलवार सुबह कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सेवढ़ा चुंगी पर वार्ड क्रमांक 1 के भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा पर 4-5 हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात पुलिस चौकी के ठीक सामने हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने आक्रोश देखा जा रहा है।
विज्ञापन
ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला इलाका
जानकारी के अनुसार, पार्षद कल्लू कुशवाहा मंगलवार सुबह रोज की तरह टहलने निकले थे। हमलावर पहले से ही घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही पार्षद सेवढ़ा चुंगी के पास पहुंचे, उन पर गोलियों की बौछार कर दी गई। तीन गोलियां लगने के कारण पार्षद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी फरार होने में कामयाब रहे।
जमानत पर जेल से आया था बाहर
इस हत्याकांड के तार एक पुरानी रंजिश से जुड़े बताए जा रहे हैं। गौरतलब है कि मृतक कल्लू कुशवाहा खुद एक हत्या के मामले में दोषी थे। कल्लू कुशवाहा को पूर्व पार्षद बालकिशन कुशवाहा की हत्या के मामले में दतिया न्यायालय ने आजीवन कारावास (उम्रकैद) की सजा सुनाई थी। उम्रकैद की सजा होने के बाद कल्लू कुशवाहा को करीब 4 महीने पहले ही जमानत मिली थी, जिसके बाद वे जेल से बाहर आए थे।
विज्ञापन
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
वारदात के पीछे की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की जा रही है।