दमोह के चार युवाओं ने एमपीपीएससी में सफलता अर्जित की है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मप्र लोकसेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा 2019 के फाइनल रिजल्ट में दमोह के होनहार युवाओं ने भी बाजी मारी है और जिले को गौरवान्वित किया है। इन युवाओं की मेहनत का नतीजा ही था कि जिला शिक्षा अधिकरी से लेकर नायब तहसीलदार जैसा पद हासिल किया। इनके माता-पिता के साथ जिलेवासी भी गर्व कर रहे हैं।
तबस्सुम बनी नपा सीएमओ
पहले हम बात कर रहे हैं दमोह जिले हिंडोरिया नगर की बेटी तबस्सुम पिता रहमान खान की। इनका मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर चयन हो गया है। तबस्सुम की कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई हिंडोरिया के शासकीय कन्या स्कूल में हुई। इसके बाद डॉक्टर हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर से बीएससी की, जिसमें गोल्ड मेडल प्राप्त किया। तबस्सुम वर्तमान में शहडोल में एक सरकारी कॉलेज में लैब प्रोफेसर के पद पर पदस्थ हैं और अब उनका चयन नपा सीएमओ के पद पर हुआ है और एक बार फिर उन्होंने नगर का नाम रोशन किया।
सत्यम बने जिला जिला शिक्षा अधिकारी
पथरिया के सत्यम चौरसिया ने लगातार कठिन प्रयास कर एमपीपीएससी 2019 में सफलता पाई है। जिला शिक्षा अधिकारी के रूप में उनका चयन हुआ है। सत्यम के अथक प्रयास से ही उन्हें यह सफलता हासिल हुई है और पथरिया वासियों ने भी अपनी ओर से शुभकामनाएं दी हैं।
रोहित बने लेबर ऑफिसर
हटा तहसील के डोली काईखेड़ा गांव निवासी लक्ष्मी पटेल के बेटे रोहित पटेल का चयन असिस्टेंट लेबर ऑफिसर के पद पर हुआ है। बेटे की इस उपलिब्ध पर परिवार के लोगों के साथ ही गांव के लोगों में भी काफी खुशी है कि एक छोटे से गांव का बेटा आज इतने बड़े पद पर पहुंचा है।
श्रष्टि बनी नायब तहसीलदार
पथरिया ब्लॉक के नरसिंहगढ़ गांव निवासी डॉ. एनके पटेल की बेटी श्रष्टि पटेल ने भी एमपीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की है और नायब तहसीलदार के पद पर उनका चयन हुआ है। घर के लोगों के साथ ग्रामीणों ने भी गांव की बेटी की सफलता पर खुशी जाहिर कर शुभकामनाएं दी हैं।