दमोह में हिंडोरिया थाना की बिलाई चौकी अंतर्गत आने वाले पटोहा गांव निवासी किसान जगदीश पटेल पर सोमवार दोपहर एक जंगली जानवर ने हमला कर घायल कर दिया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है।
किसान के बताए अनुसार उस पर तेंदुए ने हमला किया है। लेकिन अभी यह पुष्टि नहीं हो पाई कि हमला करने वाला जानवर तेंदुआ ही था। यह घटना दमोह रेंज अंतर्गत पटोहा गांव की बताई गई है। दमोह रेंज और हटा रेंज का स्टाफ घटना स्थल पर पहुंचा है।
वन मंडल अधिकारी महेंद्र सिंह उईके ने घायल की जानकारी लेने के साथ ही जांच के निर्देश दिए हैं। घायल ने बताया कि जब वह खेत पर था, उसी समय तेंदुए की तरह दिखने वाले जानवर ने उस पर हमला किया। वह जान बचाते हुए खेत से भागा और ग्रामीणों को सूचना दी। उधर, डीएफओ के निर्देश पर वन विभाग की टीम खेत पहुंची और सर्चिंग शुरू कर दी।