दमोह के तेजगढ़ बस स्टैंड पर ग्राम पंचायत समदई के सरपंच को गैस सिलेंडर से भरे ट्रक ने कुचल दिया, जिससे सरपंच की मौके पर ही मौत हो गई। घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की है। घटना की जानकारी लगते ही तेजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, तेंदूखेड़ा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत समदई के सरपंच प्रकाश पिता हरप्रसाद अहिरवार (48) निवासी पटेरिया माल गुरुवार रात करीब 11 बजे अपनी बाइक से तेजगढ़ बस स्टैंड की तरफ आ रहे थे। उसी समय दमोह की ओर से आ रहे गैस सिलेंडर से भरे ट्रक क्रमांक MP-04 GB-7864 से बाइक की सीधे ड्राइवर की तरफ भिड़ंत हो गई, जिसमें घटना स्थल पर ही सरपंच प्रकाश अहिरवार की मौत हो गई।
घटना की जानकारी लगते ही तेंदूखेड़ा 108 के पायलट सुखदेव बेन डाक्टर अभिमन्यु सेन मौके पर पहुंचे। साथ ही बस स्टैंड पर ड्यूटी कर रही डायल 100 ने घटना की जानकारी तेजगढ़ थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को उठाकर 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा भेजा गया। शुक्रवार सुबह मृतक सरपंच का पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमॉर्टम हुआ और शव परिजनों को सुपुर्द किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सरपंच प्रकाश अहिरवार अपनी बाइक से झलौन मार्ग की ओर से आ रहे थे। दमोह की ओर से आ रहे गैस सिलेंडर से भरे ट्रक के ड्राइवर की तरफ सीधे टकरा गए गए। सिर में गंभीर चोट आने से उनकी घटना स्थल पर मौत हो गई। वहीं, हादसे को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यदि बाइक सवार सरपंच हेलमेट लगाए होते तो जान बच सकती थी। लेकिन वह बिना हेलमेट के थे। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।