देवर ने भाभी के हाथ का अंगूठा काटा
- फोटो : अमर उजाला
दमोह में तेजगढ़ थाना क्षेत्र के करोंदी पड़रिया गांव में गंभीर घटना घटित हुई है। देवर ने अपनी भाभी के हाथ का अंगूठा दांतों से काटकर अलग कर दिया। गंभीर हालत में भाभी को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। वहीं, पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी देवर और देवरानी की तलाश शुरू कर दी। दरअसल, गाय को गलत जगह बांधने पर देवर-देवरानी ने भाभी से विवाद किया था।
घटना दो दिन पहले की है, करोंदी पड़रिया निवासी कुशल लोधी ने अपनी गाय को भाभी आशा पति पुलंद लोधी के घर के सामने लगे बिजली पोल से बांध दी। कुछ समय बाद जब कुशल की भाभी ने गाय को बिजली के पोल से बंधा देखा देवर से कहा कि इस पोल में करंट आ जाता है। इसलिए गाय को दूसरी जगह बांध दो। यह सुनते देवर और उसकी पत्नी आग बबूला हो गई और दोनों ने भाभी को गालियां देना शुरू कर दिया। भाभी आशा ने जब उन्हें रोका तो देवर कुशल ने भाभी के हाथ का अंगूठा अपने दांतों में दबा लिया और तब तक दबाए रखा, जब तक अंगूठा हथेली से अलग नहीं हो गया। जैसे ही अंगूठा कटा तो दोनों पति-पत्नी मौके से भाग निकले।
विवाद न बढ़े इसलिए रोका था
घायल आशा ने तेजगढ़ पुलिस को बताया कि उसके देवर से पुराना जमीनी विवाद चल रहा है। जब देवर कुशल लोधी अपनी गाय मेरे घर के सामने बिजली पोल से बांधकर चला गया तो मैंने बिजली के पोल में करंट आने की बात देवर से कही और यह सुनते ही देवर और उसकी पत्नी ने मुझ पर हमला कर दिया और दाएं हाथ का अंगूठा दांतों से काटकर हथेली से अलग कर दिया। घटना के समय मेरे पति भी घर पर नहीं थे।
पति-पत्नी पर मामला दर्ज
कटे अंगूठे के साथ आशा लोधी को तेंदूखेड़ा स्वास्थ केंद्र लाया गया। जहां सीबीएमओ आरआर बागरी मौजूद थे। उन्होंने महिला का उपचार किया, लेकिन कटा अंगूठा फिर से नहीं जुड़ सका। सीबीएमओ डॉ. बागरी ने बताया कि समय अधिक होने के कारण अंगूठा दोबारा जुड़ना संभव नहीं था। मामले की विवेचना कर रहे प्रधान आरक्षक हरिचरण गर्ग ने बताया कि जब कुशल ने अपनी गाय बिजली पोल से बांधी थी। पोल से सामने उसके बड़े भाई पुलंद लोधी का घर है। पुलंद की पत्नी आशा लोधी ने रोका तो विवाद हो गया और उसी दौरान कुशल ने अपनी भाभी के दाहने हाथ का अंगूठा मुंह में भर लिया और उसको काट लिया। कटा अंगूठा जब्त करके कुशल लोधी और उसकी पत्नी उषा लोधी पर धारा- 294, 323, 506, 324, 34 एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।