दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में आने वाले नदरई गांव में लोगों के बीच दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक बदमाश युवक गांव के एक परिवार को निशाना बनाकर परेशान कर रहा है। उसके द्वारा लगातार पीड़ित के घर पर पत्थर फेंके जा रहे हैं, घर के सामने बंदूक से हवाई फायर किए जा रहे हैं। पूरा परिवार दहशत में है।
बुधवार की रात करीब 12 बजे आरोपी भूपेंद्र ठाकुर ने फिर अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित प्रजापति परिवार के घर पर पथराव किया और गोलियां चलाकर दहशत फैलाई। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पीड़ित खुमान प्रजापति ने बताया की आरोपी शराब पीकर बेवजह उन्हें परेशान कर रहा है। घर पर पथराव कर रहा है, जान से मारने की धमकी दे रहा है।
आरोपी खुलेआम घूम रहा
पत्नी पार्वती प्रजापति ने बताया कि बुधवार रात करीब 12 बजे आरोपी उसके घर पहुंचा और गाली गलौज करते हुए पथराव किया और गोलियां भी चलाई। हम काफी दहशत में है, इसलिए पथरिया थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करने आए। पथरिया टीआई रजनी शुक्ला ने पीड़ित परिवार की शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन फिलहाल आरोपी खुलेआम घूम रहा है और पीड़ित परिवार दहशत में है।