दमोह जिले में भारी बारिश के चलते नदी नाले उफान पर हैं। इसके बाद भी लोग बाढ़ग्रस्त पुलों को पार कर रहे हैं। बटियागढ़ ब्लॉक के लड़ाई बम्होरी और मुहली गांव के पास से निकलने वाले पुल उफान पर हैं। इसके बाद भी लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पुल को पार कर रहे हैं। नई पुलिया बनाने का काम चल रहा है। ठेकेदार की लापरवाही के कारण परिवर्तित मार्ग को सही तरीके से ना बनाना और कार्य को देरी से शुरू करना ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इसलिए लोग इस उफनते नाले को पार कर रहे हैं।
बरसात के दिनों में आये दिन नाला उफान पर रहेगा, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित होगी। स्थानीय ग्रामीण रामेश्वर सिंह का कहना है कि हमारे गांव के पास खडैरी गांव में बाजार लगता है, जहां पर सब्जी से लेकर अन्य जरूरत की वस्तुएं खरीदने खड़ैरी जाते हैं, लेकिन ठेकेदार द्वारा परिवर्तित मार्ग को सही तरीके से ना बनाए जाने पर हल्की बारिश में भी रास्ता बंद हो जायेगा।
बम्हौरी लिड़ाई निवासी स्वामी शर्मा का कहना है कि यदि कार्य को समय रहते जल्दी कर लिया होता, तो आज इस प्रकार की परेशानी नहीं होती। बम्हौरी लड़ाई निवासी रवि पटेल का कहना है कि बम्हौरी लड़ाई और सीगोन से खड़ैरी के लिए अनेक बच्चे पढ़ने को जाते हैं। गांव के पूर्व प्रधान द्वारका सिंह ने ठेकेदार को कई बार अवगत कराया कि कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।