मध्य प्रदेश के भिंड में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के स्थानीय निवासियों ने गलती से एक बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र की जमकर पिटाई की है, जबकि गलती किसी और ने की थी। छात्र को इस आरोप में पीटा गया कि वह गर्ल्स कोचिंग सेंटर के सामने मास्क लगाकर अपने प्राइवेट पार्ट (अंग प्रदर्शन) को दिखा रहा था। हालांकि बाद में पता चला कि लोगों ने उसकी गलत पिटाई की है। यह शरारत इस छात्र ने नहीं बल्कि किसी और ने की थी। घटना गुरुवार की है।
इस मामले में स्थानीय निवासियों ने छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया। जिसकी पहचान सोनू त्रिपाठी के रूप में हुई। हालांकि पूछताछ के दौरान पुलिस ने पाया कि त्रिपाठी वह नहीं था जो सीसीटीवी फुटेज में देखा गया था। सीसीटीवी देखने पर पता चला कि वह केवल सड़क पार कर रहा था। कोचिंग क्लास अथॉरिटी द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 151 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सोशल मीडिया में इस वारदात की एक छोटी सी क्लिप भी वायरल हो रही है। जिसमें एक युवा ने नीले रंग की जैकेट पहनी हुई है। साथ ही उसने चेहरे पर एक मुखौटा भी लगाया हुआ है। फिलहाल पुलिस अपराधी को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हैं।