मध्यप्रदेश के भिंड जिले में थाने के अंदर ही कुछ बदमाशों ने जिन दो पुलिस कर्मियों पर लोहे के धारदार हथियार से हमला किया था, उनमें से एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है। रविवार शाम को बदमाशों ने हमला किया था।
जिसके बाद वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। उनमें से एक पुलिसकर्मी गजराज का इलाज भिंड में ही चल रहा है। जबकि दूसरे पुलिसकर्मी उमेश बाबू की हालत काफी गंभीर थी। जिसके चलते उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया है। उमेश हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे। उनका दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक उमरी थाना पुलिस ने विष्णु राजावत नाम के व्यक्ति को जिले में शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने उसे लॉकअप में बंद करने की बजाय खुले में ही बैठाकर रखा। कुछ समय बाद उसका साथी मानसिंह भी वहां आ गया। जिसके बाद विष्णु ने वहां से भागने की कोशिश की। जब पुलिस ने उसे ऐसा करने से रोका तो उसने पुलिस थाने में ही रखी कुदाली से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। हालांकि बाद में विष्णु वहां से भागने में सफल नहीं हो पाया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि विष्णु राजावत रेत के अवैध खनन के कारोबार से जुड़ा हुआ है। जिसके कारण उसे गिरफ्तार किया गया। जब उसे जेल भेजा गया तब थोड़ी देर तक तो वह शांत होकर बैठा रहा। लेकिन कुछ देर बाद उसने अपने दोस्त के साथ थाने में हंगामा मचा दिया। वहीं उमेश बाबू जिन्हें दिल्ली के अस्पताल में इलाज के लिए रेफर किया गया था, उनकी गर्दन में गंभीर चोट आई थी।