विदिशा के स्वामी विवेकानंद चौराहे पर बुधवार रात एक ट्रक ने रोड पर बैठी गाय को कुचल दिया। हादसे में गाय की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने ट्रक को रोका और ट्रक में आग लगा दी। साथ ही ड्राइवर के साथ बुरी तरह मारपीट की।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और नगर पालिका के दमकलों की सहायता से कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया। वहीं, प्रशासन की टीम और लोगों के सहयोग से ड्राइवर की जान बचाई गई। इस संबंध में जिले के सीएसपी विकास पांडे का कहना है कि उन्हें कुछ देर पहले विदिशा के विवेकानंद चौराहे पर ट्रक द्वारा गाए को कुचलने और गाय की मौत होने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर मौके पर पहुंची और सबसे पहले आग पर काबू पाया गया। साथ ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गाय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके अलावा जिन उपद्रवी तत्वों ने ट्रक में आग लगाई थी, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।