सीएम कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा, "आज निवास पर राजगढ़ के कार्यकर्ता श्री दुर्गा लाल किरार से मिलकर उन्हें जूते पहनाए, उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनेगी तब तक जूता नहीं पहनेंगे। ऐसे कार्यकर्ताओं को सलाम है जो पूरी निष्ठा से कांग्रेस के लिए दिन रात मेहनत करते हैं।" इसकी फोटो भी ट्वीट के साथ सीएम ने शेयर की। उस दौरान वहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे।
बता दें कमलनाथ ने 17 दिसंबर को मध्यप्रदेश के 18वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। यहां 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी है। साल 1993 से 2003 तक दिग्विजय सिंह प्रदेश के सीएम थे। इसके बाद कांग्रेस विधानसभा चुनाव हार गई और भाजपा की सरकार बनी। 2003 से 2018 तक भाजपा की सरकार रही और शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री रहे।
यहां विधानसभा चुनावों के लिए 28 नवंबर को मतदान हुआ था और 11 दिसंबर को नतीजे आए। जिसमें कांग्रेस ने 230 में से 114 सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस ने यहां बसपा के दो, सपा के एक और चार अन्य निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई। वहीं भाजपा को यहां 109 सीटें मिली हैं।