राहुल गांधी, ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमलनाथ
- फोटो : Twitter Congress @INCIndia
मध्यप्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों का एलान अंदरुनी विवादों के चलते शुक्रवार को जारी नहीं हो सका। राहुल गांधी की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक खत्म हो चुकी है। बताया जा रहा है कि पार्टी अभी 200 उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। यानी बाकी बचे 30 उम्मीदवारों के लिए अगली लिस्ट का इंतजार करना होगा।
इससे पहले खबरें आई थीं कि केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में टिकट बंटवारे के मुद्दे पर दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया भिड़ गए थे। खबरों की मानें तो ये सब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने हुआ और राहुल को दखल देते हुए तीन सदस्यों की कमेटी बनानी पड़ी। इस कमेटी में अशोक गहलोत, वीरप्पा मोइली और अहमद पटेल को शामिल किया गया। लेकिन मीडिया में पूरा मामला उछलने के बाद दिग्विजय और ज्योतिरादित्य दोनों ने ही ऐसे किसी झगड़े की बात से इनकार कर दिया।
एआईसीसी महासचिव व प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया ने एक निजी टीवी चैनल से कांग्रेस की पहली सूची शनिवार को जारी होने की बात कही है।
मध्यप्रदेश चुनाव के लिए भाजपा ने शुक्रवार को 177 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। भाजपा की सूची जारी होने के बाद ही कांग्रेस अपने प्रत्याशियों का एलान करने वाली थी। प्रदेश में 28 नवंबर को मतदान होना है।