छत्तीसगढ़ के बाद अमर उजाला का चुनावी रथ मध्यप्रदेश पहुंच चुका है। अमर उजाला आपको बता रहा है मध्यप्रदेश के जमीनी हालात और उन विषयों के बारे में जो इस बार चुनावी मुद्दे हैं। संवाददाता वैभव कुमार ने मंडला की जनता के सवालों को नेताओं तक पहुंचाया। टी वैली प्रायोजित अमर उजाला के खास लाइव कार्यक्रम सत्ता के सेमीफाइनल में मंडला की जनता ने अपने मुद्दे सामने रखे और नेताओं से जवाब मांगे।
कांग्रेस के आरोप
बहस में कांग्रेस जिला समिति के संजय सिंह परिहार, सपाक्स की ओर से आनंद प्रकाश तिवारी और भाजपा मीडिया प्रभारी सुधीर केसर ने हिस्सा लिया। संजय ने कहा कि शिवराज सरकार ने व्यापमं घोटाला किया। हमने युवाओं को रोजगार के लिए फार्म भरवाए, लोग सरकारी ऑफिस में गए लेकिन भ्रष्टाचाक के कारण कोई नतीजा नहीं निकला। भाजपा की सरकार है लेकिन मंडला में आज तक कोई काम नहीं हुआ। यहां ब्रॉडगेज लाइन भी यूपीए सरकार के दौरान हुई। उसी वक्त कमलनाथ के परिवहन मंत्री रहते मंडला जिले की सड़कों का भी उत्थान हुआ। ये जिला शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के मामले में पिछड़ा हुआ है। यहां शराबबंदी की गई लेकिन खुलेआम बिकती नजर आती है। मानव तस्करी के सवाल पर उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर ऐसा हो रहा है। कांग्रेस पार्टी ने इसके खिलाफ आवाज भी उठाई है।
सपाक्स का नजरिया
सपाक्स नेता आनंद प्रकाश तिवारी ने कहा- मैं आरोप प्रत्यारोप पर नही जाऊंगा। पार्टी चाहे केंद्र में हो या केंद्र में लोगों को बांटने की कोशिश हो रही है। मंडला में कोई उद्योग नहीं है, युवा बेरोजगार ही रह गए। लोग नर्मदा किनारे रहते हैं, लेकिन पीने का पानी नहीं मिलता।
जनता ने कहा- रोजगार सबसे बड़ा मुद्दा
बहस में शामिल जनता ने रोजगार को सबसे बड़ा मुद्दा बताया। ऑटो ड्राइवर मुकेश कहते हैं- बेरोजगारी बहुत है, लोग सपरिवार बाहर नौकरी के लिए जाते हैं। नेताओं को इससे कोई मतलब नहीं है। एक रिटायरकर्मी ने कहा कि ये सिर्फ घोषणावीर सरकार है, चाहे घोषणा करवा लो, मूर्ति लगवा लो, बच्चे चप्पल चटकाते फिर रहे हैं। इस सरकार को दोबारा आना ही नहीं चाहिए। ये सरकार एसएसटी कानून लाकर भाई-भाई को बांट रही है।
जनता ने कहा कि यहां सरकार भाजपा की है। हालांकि विधायक शिक्षित हैं, जितना हो सका उन्होंने किया है। शिवराज सरकार में रोजगार, शिक्षा पर आश्वासन ही दिए गए। मंडला में पैसा बहुत आता है लेकिन सरकार की लापरवाही के कारण जनता परेशान है। विधायक ने काम किया है लेकिन सरकार से उन्हें मदद नहीं मिल पाई। मंडला से काफी लोग बाहर जा रहे हैं, 50-60 की उम्र में लोग बाहर नौकरी के लिए जा रहे हैं। मानव तस्करी के सवाल पर एक व्यक्ति ने कहा कि कुछ समय पहले पुलिस ने कुछ लोगों को मानव तस्करी में पकड़ा था। मैंने कुछ साल पहले देखा था कि नागपुर का एक आदमी 20-22 साल की लड़कियों को किसी फैक्टरी में ले गया।
भाजपा का जवाब
भाजपा मीडिया प्रभारी सुधीर केसर ने जनता और विपक्ष के इन सवालों पर कहा- हमने रोजगार के बहुत मौके पैदा किए हैं। महिला सशक्तिकरण किया है, लोगों को रोजगार दिया है। लोग पलायन नहीं करते, गढ़चिरौली जैसी जगहों पर बांस काटने जाते हैं, परंपरागत रूप से जाते ही हैं, रोजगार के लिए पूरे जिले से लोग जाते हों ऐसा नहीं है। मानव तस्करी का मामला 2005 में था, लेकिन वो ऐसे लोग थे जो सेवा के नाम पर धर्म परिवर्तन के लिए लोगों को ले जाते थे। लेकिन हमने एक्शन लेकर इस पर अंकुश लगाया और लोगों को वापस लेकर आए।