मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लू लग गई है। इसके बाद भी गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली में BJP की कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। स्वास्थ्यगत कारणों के चलते बैठक में शामिल होने पर संशय था। उनका अधिकृत कार्यक्रम जारी हो गया है, जिसमें उनके दिल्ली जाने की पुष्टि हुई है। बुधवार को सीएम के दो कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं।
दिल्ली में हो रही बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा दिल्ली पहुंच चुके हैं। सीएम शिवराज की तबीयत खराब होने के चलते बुधवार को मंत्रालय में जल जीवन मिशन की बैठक रद्द कर दी गई है। वहीं सीएम शिवराज बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केन्द्र भोपाल में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करने वाले थे, यह कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार सुबह 9:40 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। वे बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और संग़ठन महामंत्री बीएल सन्तोष से मुलाकात करेंगे। बीजेपी ऑफिस की बैठक में भी शामिल होंगे। इससे पहले 23 अप्रैल को मुख्यमंत्री ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इसी दिन शाम को दिल्ली से लौटकर नर्मदापुरम में कार्यक्रम में शामिल हुए थे।