सार
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में प्रेम विवाद से तनावग्रस्त युवती इलाज के दौरान पांचवीं मंजिल के छज्जे पर पहुंच गई और कूदने की बात करने लगी। परिजन व स्टाफ की समझाइश से 15 मिनट बाद वह नीचे उतरी, बड़ा हादसा टल गया।
अस्पताल की पहली मंजिल पर खड़ी युवती
- फोटो : अमर उजाला
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में रविवार दोपहर एक युवती के हंगामे से अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रेम प्रसंग में तनाव के चलते उपचार के दौरान युवती अचानक पांचवीं मंजिल के छज्जे पर पहुंच गई और नीचे कूदने की बात करने लगी। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
फिनायल पीने के बाद अस्पताल में भर्ती
जानकारी के अनुसार, युवती का एक युवक के साथ प्रेम संबंध बताया जा रहा है। किसी बात को लेकर विवाद होने पर उसने कथित रूप से फिनायल पी लिया, जिसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान वह युवक से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन बात नहीं हो पाने से वह भावनात्मक रूप से अस्थिर हो गई।
अचानक वार्ड से निकलकर छज्जे पर पहुंची
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती अचानक वार्ड से बाहर निकली और पांचवीं मंजिल पर पहुंच गई। कुछ ही देर में वह छज्जे पर खड़ी नजर आई। नीचे मौजूद लोगों ने यह देखा तो हड़कंप मच गया। युवती की स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों में चिंता बढ़ गई।
पढे़ं: इंदौर में ढाई साल की बच्ची की मौत, खेलते-खेलते पहली मंजिल से गिरी
समझाइश के बाद टला बड़ा हादसा
मौके पर मौजूद परिजन, अस्पताल स्टाफ और अन्य लोगों ने युवती को शांत कराने का प्रयास किया। करीब 15 मिनट तक चली समझाइश के बाद वह नीचे उतरने को तैयार हो गई। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस घटनाक्रम ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि एक मरीज इतनी आसानी से ऊपरी मंजिल तक कैसे पहुंच गया। कोतवाली पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।