छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा से सिंगोड़ी आ रही कार शुक्रवार दोपहर 12 बजे के करीब एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, तीन घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जिसमें प्राथमिक इलाज के बाद एक युवक को गंभीर होने के कारण नागपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। दो घायलों को जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मुन्नु मंसूरी (25) पिता अजीम मंसूरी अमरवाड़ा के सिगोड़ी का रहने वाला था। वह अपने साथी तैयब पिता अकरम उम्र 20 साल, इमरोज पिता अंसार अंसारी 23 साल और शहजाद पिता अकरम अंसारी के साथ कार से अमरवाड़ा से सिंगोड़ी वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अमरवाड़ा के समीप ढाबे के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।
हादसे में चारों बुरी तरह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 से चारों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने जांच के बाद मुन्नू मंसूरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इमरोज की हालत गंभीर होने के कारण नागपुर मेडिकल कालेज रेफर किया गया। जबकि दो घायलों को जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।