पांढुर्णा जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच शुक्रवार शाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलो से ज्यादा अवैध गोमांस के साथ पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। वाड़ेगांव-बनगांव रोड पर घेराबंदी कर रोकी गई एक अर्टिगा कार से यह मांस बरामद किया गया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
थाना प्रभारी अमित दानी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक सफेद अर्टिगा कार के जरिए अवैध मांस ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और संभावित मार्गों पर नजर रखी गई। वाड़ेगांव-बनगांव रोड को चिन्हित कर वहां सादी वर्दी और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। जैसे ही संदिग्ध वाहन नजर आया, उसे घेरकर रोका गया और विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी में बड़ा खुलासा
कार की जांच के दौरान अंदर रखे बैग और कंटेनरों की तलाशी ली गई, जिसमें से प्रतिबंधित गोमांस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मांस जब्त कर लिया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। बरामद मांस का वजन 5 किलो से अधिक बताया जा रहा है। कार में सवार घनपेठ वार्ड निवासी कबाड़ी व्यापारी अहमद खान और उसका बेटा फरहान खान को मौके से गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल हो रही अर्टिगा कार को भी जब्त कर लिया है।
पूछताछ में बड़े नेटवर्क के संकेत
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में कुछ अहम जानकारी सामने आई है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मांस कहां से लाया गया और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस इस मामले में सप्लाई चेन को खंगाल रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क के तार पड़ोसी जिलों या अन्य राज्यों से जुड़े हैं या नहीं। तकनीकी साक्ष्य और कॉल डिटेल्स के आधार पर भी जांच की जा रही है। पांढुर्णा पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध धंधों में लिप्त लोगों में खौफ का माहौल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें- ये कैसा इलाज?: झाड़फूंक के नाम पर महिला से मारपीट, लात-घूंसों से पिटती रही पत्नी और पति चुपचाप देखता रहा
तीन महीने में दूसरी बड़ी सफलता
यह कार्रवाई पिछले तीन महीनों में दूसरी बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे पहले 24 जनवरी को भी पुलिस ने एक मां-बेटी को करीब 33 किलो गोमांस के साथ पकड़ा था, जिसमें कई अहम खुलासे हुए थे। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।