मध्य प्रदेश में मौसम के तेवर रोज बदल रहे हैं। छिंदवाड़ा में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखी जा रही है। मौसम शुष्क होने के साथ ही दिन में धूप व रात में ठंड का प्रभाव तेज हो गया है। उत्तरी हवाओं के आने से ठिठुरन एक बार फिर से बढ़ने लगी है, जिसके चलते रात का पारा 10.2 डिग्री तक नीचे आ गया है। सोमवार के बाद मंगलवार की शाम से सर्द हवाओं में और इजाफा देखा गया।
बादलों की आवाजाही होगी तेज
मौसम विभाग के अनुसार, जिले में आगामी 20 जनवरी तक मौसम में बदलाव की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, नया पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर से बादल और बूंदा-बांदी ला सकता है। इस दौरान बादलों की वजह से दिन के तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक बार फिर से बादलों की आवाजाही तेज होगी। जिले में बादलों के आने का सिलसिला 21 जनवरी से 26 जनवरी तक बना रह सकता है। इस दौरान 22 से 23 जनवरी को कहीं-कहीं बूंदा-बांदी भी हो सकती है।
हवाओं ने बढ़ाई मुसीबत
उत्तरी हवाओं के आने से दिन और रात के तापमान में गिरावट आ रही है। बीते सप्ताह रात का पारा 15 डिग्री तक पहुंच गया था, जिसमें लगभग पांच डिग्री की गिरावट आ चुकी है। वहीं, दिन का पारा भी 30 डिग्री से लुढ़कर 25 डिग्री तक पहुंच गया है। बुधवार को इसमें और गिरावट दर्ज होने की संभावना है।