छिंदवाड़ा नगर निगम में विद्युत विभाग की सभापति श्रद्धा माहोरे के पति बबला माहोरे के खिलाफ सोमवार को महिला को धमकाने का मामला सामने आया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। जांच शुरू कर दी गई है। यह दूसरा मौका है जब सभापति के पति पर वार्ड के ही लोगों ने धमकाने के आरोप लगाए हैं। इससे पहले भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वार्ड के निवासी को बबला माहोरे धमका रहे थे।
सोमवार को शिकायत दर्ज करने आई इमलीखेड़ा निवासी महिला ऊषा साहू ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन मकान के दौरान शुभम माहोरे, दिनेश माहोरे, कविता माहोरे, बबला माहोरे ने उसके मकान की नींव तोड़ दी और मारपीट की। यह घटना रविवार की है। तब से डर में रह रहे हैं। आरोपियों ने रविवार को चार बजे निर्माण के लिए बनाए गए कॉलम तोड़ दिए। गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 294, 323, 506, 427 और 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
कांग्रेस नेता की सफाई- राजनीतिक साजिश के तहत हुई FIR
कांग्रेस नेता बबला माहोरे का कहना है कि राजनीतिक साजिश के तहत अपराध पंजीबद्ध कराया गया है। मैं सिर्फ मौके पर समझाने के लिए पहुंचा था। भाजपा नेताओं के दबाव में महिला ने FIR दर्ज कराई है। मेरा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।