छतरपुर शहर के ओरछा रोड थाना में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक की ड्यूटी के दौरान बीती रात हृदयाघात से मौत हो गई। प्रधान आरक्षक का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
ओरछा रोड थाना टीआई अभिषेक चौबे ने बताया कि ओरछा थाना में ही पदस्थ प्रधान आरक्षक अर्जुन सिंह गौंड़ निवासी ग्राम खानखुड़ई थाना बमीठा रोज की तरह रात को अपनी ड्यूटी पर थे। रात करीब 10 बजे उन्होंने अपने साथियों को पेट और सीने में दर्द होने की बात बताई। हालत बिगड़ती देख अर्जुन सिंह को तत्काल डायल-100 से जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मौत की पुष्टि किए जाने के बाद दिवंगत प्रधान आरक्षक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।