बड़ामलहरा विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए अच्छी खबर है। सिंचाई के लिए शुक्रवार रात्रि से ही सुजारा बांध के बाजू के ऐनीकट से पानी छोड़ना शुरू हो गया है। नहरों के माध्यम से छोड़ा गया पानी दोपहर तक 6 किमी तक पहुंच चुका है। बता दें कि पानी की मांग करते हुए किसानों ने सड़क जाम कर दी थी।
विधायक प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री से गुरुवार रात्रि में चर्चा हुई। इसमें उन्होंने किसानों की बुनियादी मांग पर कहा कि किसानों के खेत प्यासे नहीं रहेंगे, उन्हें सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि जल उपलब्ध कराने से जुड़े हर जरूरी प्रबंध किए जाएंगे। क्षेत्रीय विधायक ने बताया कि ऐनीकट से छोड़े गए पानी का जायजा भी लिया।