मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में पानी के लिए खूनी संघर्ष हो गया। हमले में कई लोग घायल हुए हैं। लोहे की छड़ सिर में लगने से पिता और पुत्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मामला उमरिया जिले के चंदिया थाना अंतर्गत ग्राम दुब्बार का बताया जा रहा है। बताया गया कि दो भाइयों के घर के बीच एक कुआं है। जहां बुधवार को नल में पानी न आने की वजह से पीड़ित परिवार निस्तार आदि के लिए कुएं का पानी उपयोग करना चाह रहे थे। जहां इसी को लेकर दोनो भाइयों में विवाद हो गया। टांगी (लोहे की छड़) से हमला किया गया। इस खूनी संघर्ष में पिता शेख़ बाबू पिता शेख हबीब (45) एवं उसका पुत्र आबिद पिता शेख बाबू (18) के सर पर टांगी के हमले से गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार कर जबलपुर रेफर किया गया है। वहीं इसके अलावा शेख बाबू की बेटी अनीसा बी पिता शेख बाबू (17), पत्नी जमीला बी पति शेख बाबू (35) एवं माता मरियम बी पति शेख हबीब भी हथियारों की चोट से गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं। जिन्हें फिलहाल जिला अस्पताल में एडमिट कर इलाज किया जा रहा है।
बताया गया कि इस खूनी संघर्ष में शेख बाबू के भाई शेख सब्बीर और उसके परिवार का हाथ है। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले पर प्रकरण कायम कर तफ्तीश में जुट गई है।