Vande Bharat Train in MP: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को भोपाल में दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इंदौर से भोपाल और भोपाल से जबलपुर ट्रेनों का यात्री किराया भी घोषित हो गया है। इंदौर से भोपाल के 910 रुपये लगेंगे जबकि भोपाल से जबलपुर के 1055 रुपये।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को भोपाल-जबलपुर और भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 28 जून से यह दोनों ट्रेनें नियमित शैड्यूल पर दौड़ने लगेंगी। दोनों ही ट्रेनों का किराया भी घोषित हो गया है। इंदौर से भोपाल के चेयर कार में 910 रुपये लगेंगे जबकि भोपाल से जबलपुर के 1055 रुपये। इसी तरह एक्जीक्यूटिव क्लास में इंदौर से भोपाल जाने के लिए 1600 रुपये चुकाने होंगे जबकि भोपाल से जबलपुर के लिए 1880 रुपये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर दोनों वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। यह दोनों ही ट्रेनें इनॉगरल रन में बीच में आने वाले ज्यादातर स्टेशनों पर रुकेंगी। इस दौरान जगह-जगह पर उनका स्वागत होगा। भोपाल-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। इसी तरह इंदौर-भोपाल वंदे भारत ट्रेन रविवार छोड़कर हफ्ते में छह दिन चलेगी।
विज्ञापन
भोपाल-जबलपुर ट्रेन का शैड्यूल
28 जून से वंदे भारत एक्सप्रेस 20174 सुबह छह बजे जबलपुर से निकलेगी। 6:55 बजे नरसिंहपुर, 7:55 बजे पिपरिया, 8:55 बजे इटारसी और 9:23 बजे नर्मदापुरम में स्टॉप लेकर सुबह 10:35 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी। डाउन ट्रेन 20173 रानी कमलापति स्टेशन से शाम 7 बजे रवाना होगी। नर्मदापुरम 7:51 बजे, इटारसी 8:15 बजे, पिपरिया 9:15 बजे, नरसिंहपुर 10:15 बजे होकर जबलपुर रात 11:35 बजे पहुंचेगी।
इंदौर-भोपाल ट्रेन का शैड्यूल
28 जून से वंदे भारत एक्सप्रेस 20912 Mec 7:25 बजे भोपाल स्टेशन से चलेगी। रास्ते में सिर्फ एक स्टॉप उज्जैन का रहेगा। रात 9:30 बजे उज्जैन पहुंचने के बाद रात 10:31 बजे ट्रेन इंदौर पहुंचेगी। इसी तरह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 20911 इंदौर से सुबह 6:30 बजे चलेगी, 7:15 बजे बजे उज्जैन और 09:35 बजे भोपाल पहुंच जाएगी।