राजधानी भोपाल में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हनुमानगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र से एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 37 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है। राजधानी में हाल के समय में यह एमडी ड्रग्स की बड़ी जब्ती कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।
हनुमानगंज पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति रेलवे स्टेशन के आसपास एमडी ड्रग्स लेकर घूम रहा है और ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए हनुमानगंज थाना पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर इलाके में घेराबंदी शुरू की। रेलवे स्टेशन के समीप स्थित किरण लॉज के पास संदिग्ध गतिविधियां करते हुए एक व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोककर पूछताछ की।
ये भी पढ़ें -
ISI से जुड़े एमपी के तीन युवक; मंदिर-ढाबा और मिलिट्री कैंप में करने वाले थे धमाका, पाकिस्तान भेजी तस्वीरें
संदेह के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 37 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान बरखेड़ी जहांगीराबाद निवासी 50 वर्षीय अबरार खान के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
तस्कर के खिलाफ दर्ज हैं पहले से आधा दर्जन केस
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से लंबा रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, जुआ, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत लगभग एक दर्जन से अधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़ा हो सकता है और शहर में सक्रिय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का अहम हिस्सा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि एमडी ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही पुलिस उसके संपर्क में रहने वाले अन्य तस्करों और सप्लायरों की जानकारी भी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और राजधानी में ड्रग्स नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।