फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP News: भोपाल में विदेशी पर्यटक से लूट, पुर्तगाल से आए नागरिक पर दो बदमाशों ने पत्थर से किया वार

Tue, 25 Oct 2022 03:34 PM IST
अरविंद कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। दरअसल, यहां पर कुछ बदमाशों ने विदेशी पर्यटक के साथ लूटपाट की है। इतना ही नहीं, दो बदमाशों ने पुर्तगाली नागरिक पर पत्थर से वार भी किए।
 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भोपाल में दो लुटेरों ने पुर्तगाली पर्यटक पर पत्थर से हमला कर उसे लूट लिया। आरोपी उसका चश्मा और नकदी लूटकर फरार हो गए। लहूलुहान हालत में उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात के वक्त वह रेलवे स्टेशन जा रहा था। पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर ने घटना की पुष्टि की है।

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, पुर्तगाल के मफरा शहर के रहने वाले नुनो रॉड्रिक्स (41) मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थल घूमने आए हैं। रविवार 23 अक्टूबर की दोपहर तीन बजे वो पुराने शहर के सेंट्रल लाइब्रेरी इलाके की तरफ से घूमते हुए रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इस दौरान वे भारत टॉकीज चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से मुंह पर सफेद कपड़ा बांधे आए दो लुटेरों ने उन्हें रोक लिया।

एक लुटेरा रॉड्रिक्स का हाथ पकड़कर मारपीट करने लगा। दूसरा धूप का चश्मा छीनकर उनकी जेब की तलाशी लेने लगा। नुनो ने इसका विरोध किया और एक लुटेरे को धक्का देकर गिरा दिया। यह देख दूसरे लुटेरे ने नुनो पर पास में पड़े पत्थर से हमला कर दिया। पत्थर नुनो के सिर की दाईं तरफ लगा, जिससे खून बहने लगा। नुनो को लोग हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। उनके सिर पर छह टांके आए हैं। हमीदिया अस्पताल के डॉक्टर ने मंगलवार को पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नुनो की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया।
विज्ञापन


20 कदम पर ट्रैफिक पुलिस का बूथ
जिस जगह नुनो के साथ लूट हुई, उसके करीब 20 कदम पर ट्रैफिक पुलिस का बूथ है। घटना के समय भी बूथ पर एक-दो पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। उनकी नजर लुटेरों पर नहीं पड़ी। जब लुटेरे भाग गए तो नुनो ने राहगीरों से मदद मांगी। लेकिन, हिंदी नहीं बोल पाने की वजह से लोग नुनो की पीड़ा नहीं समझ सके। खून बहता देख लोग उन्हें हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने उनकी शिकायत अंग्रेजी में लिखी है। नुनो ने सनग्लासेस समेत अन्य सामान लूट होने की शिकायत की है। नुनो 23 अक्टूबर को ही भोपाल पहुंचे थे। वह पुराना शहर, बोट क्लब, छोटा तालाब घूमने के बाद रेलवे स्टेशन जा रहे थे।

CCTV में कैद नहीं हुए लुटेरे
घटनास्थल के पास चौराहे पर साइकिल स्टोर में सीसीटीवी कैमरा लगा है। कैमरे की दिशा दूसरी तरफ होने की वजह से वारदात कैमरे में कैद नहीं हो सकी। पुलिस अन्य सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के व्यापारियों से भी पूछताछ की है। पुलिस अब नुनो के बताए हुलिए के अनुसार फरार लुटेरों की पहचान में जुटी है।

नेशनल पैलेस से मशहूर है मफरा
नुनो ने पुलिस को बताया कि वह पुर्तगाल के मफरा शहर के रहने वाले हैं। मफरा नेशनल पैलेस की वजह से मशहूर है। इस शहर में कई रॉयल बिल्डिंग हैं। मफरा राजधानी लिस्बन से 28 किलोमीटर दूर है। नुनो ने बताया कि वह भारत के टूरिस्ट स्पॉट घूमने आए हैं। कई राज्यों में घूमने के बाद वे मध्यप्रदेश पहुंचे। भोपाल से उन्हें 23 अक्टूबर को छतरपुर जाना था। इससे पहले उनके साथ वारदात हो गई।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें