भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा।
- फोटो : VDSharmaBJPMP
प्रयागराज महाकुंभ मेले में हुए हादसे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा प्रशासन के कुप्रबंधन को जिम्मेदार ठहराए जाने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोपों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ये वही लोग हैं, जो सनातन धर्म और हिंदुत्व का अपमान करते आ रहे हैं।
प्रयागराज महाकुंभ में हुए हादसे पर राहुल गांधी और अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए आरोपों पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। शर्मा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब इतने बड़े महाआयोजन में एक दुखद घटना घटित हुई, तब भी कांग्रेस और सपा ने राजनीति करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब हमें पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करनी चाहिए, राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने प्रशासन पर आरोप लगाए, जो गलत है।
शर्मा ने कहा, "कांग्रेस और सपा के नेता हमेशा से सनातन और हिंदुत्व का अपमान करते आए हैं। राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से ही कांग्रेस ने सनातन संस्कृति और हिंदुत्व पर हमले किए हैं, जैसे महू में खड़गे जी ने कहा था कि कुंभ स्नान करने से क्या होगा?" उन्होंने कहा कि जब इतनी बड़ी संख्या में लोग कुंभ स्नान के लिए एकत्र होते हैं, तो प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है, और जो हादसा हुआ, उसकी संवेदनशीलता के साथ जांच की जा रही है।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस और सपा के नेता हमेशा मुद्दों पर आरोप-प्रत्यारोप करने में लगे रहते हैं, लेकिन जो कार्य सरकार और प्रधानमंत्री कर रहे हैं, वह सराहनीय हैं। सरकार ने हमेशा जनहित में काम किया है और हर संभव मदद की है। ऐसे आरोपों का जनता जवाब देती है और आगे भी देती रहेगी।