एमसीयू के कुलपति प्रो. केजी सुरेश
- फोटो : अमर उजाला
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ 15 सितंबर को भोपाल आएंगे। वे माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता और संचार विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय में पांच साल बाद दीक्षांत समारोह का आयोजन हो रहा है।
माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता और संचार विश्वविद्यालय के कुलपति केजी सुरेश ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। इसके अलावा जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ला और उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे। उपराष्ट्रपति नए परिसर का औपचारिक उद्घाटन भी करेंगे। इसके तुरंत बाद दीक्षांत समारोह का आयोजन होगा। उपराष्ट्रपति ही छात्र-छात्राओं को पीएचडी की डिग्री प्रदान करेंगे। पहली बार विश्वविद्यालय के अपने परिसर में दीक्षांत समारोह हो रहा है।
पांच साल बाद होगा आयोजन
दीक्षांत समारोह में जून 2018 से दिसंबर 2022 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएगी। इसमें स्नातकोत्तर एवं पीएचडी के 23 विद्यार्थियों सहित लगभग साढ़े चार सौ विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएगी। दीक्षांत समारोह लंबे समय से लंबित था। कोरोना काल के कारण नहीं हो सका था। अब विश्वविद्यालय के बिशनखेड़ी स्थित माखनपुरम् परिसर के गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में 15 सितम्बर को यह आयोजन होगा।