भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के 100 दिनों को विकास और कल्याण के ऐतिहासिक कदमों का प्रतीक बताया। उन्होंने भोपाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि मोदी सरकार ने 100 दिनों में 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी है, जो देश के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। 100 दिनों के भीतर इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास, कृषि सुधारों, और रोजगार सृजन के लिए कई बड़े कदम उठाए गए हैं। 3 लाख करोड़ रुपये की सड़क, रेल और बंदरगाह परियोजनाएं इनमें प्रमुख हैं।
शर्मा ने कहा कि किसानों के हित में मोदी सरकार ने 20,000 करोड़ रुपये की पीएम किसान सम्मान निधि जारी की, जिससे 9 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ हुआ। साथ ही 14,200 करोड़ रुपये की नई योजनाएं भी लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब कल्याण के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक काम किए हैं और देश के रानीतिक इतिहास में पहली बार 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को भाजपा "सेवा पखवाड़ा" के रूप में मना रही है, जिसमें रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शर्मा ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं और संगोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा।