भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के साथ चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। रेलवे पुलिस चोरियों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई यात्रियों के मोबाइल फोन, लैपटाप और नकदी समेत हजारों का सामान चोरी हुआ हैं। जानकारी के अनुसार रायगढ़ छत्तीसगढ़ निवासी अश्विनी कुमार साहू उज्जैन जाने के लिए भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। प्लेटफार्म क्रमांक एक स्थित वेटिंग हाल में ट्रेन का इंतजार करते समय उनका मोबाइल चोरी हो गया। चोरी गए मोबाइल की कीमत 21 हजार रुपए बताई गई है। इसी प्रकार बाबई निवासी अमरलाल आसरेकर दक्षिण एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होकर बैतूल से भोपाल की यात्रा कर रहे थे। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर वह गेट पर खड़े थे, तभी किसी ने जेब में रखे 9 हजार रुपये निकाल लिए। इधर उड़ीसा में रहने वाली सिमरन जीप कोल समता एक्सप्रेस में सिंगा रेलवे स्टेशन से निजामुद्दीन की यात्रा कर रही थी। उन्होंने अपना लैपटाप वाला बाग सीट पर रखा था। भोपाल स्टेशन आने से करीब बीस मिनट पहले देखा तो बैग गायब था। चोरी गए बैग में 50 हजार रुपये कीमत का लैपटाप, पैनकार्ड और ड्राइविंग लयासेंस समेत अन्य दस्तावेज रखे हुए थे।
चार्जिंग पाइंट पर लगे 2 मोबाइल चोरी
गोपालगजं बिहार निवासी शत्रुघन अपने चचेरे भाई मोहित कुमार के साथ काम की तलाश में भोपाल आया था। एक दिन काम तलाशने के बाद भी जब उन्हें कोई काम नहीं मिला तो दोनों वापस जाने के लिए रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचे। रात करीब आठ बजे बिहार का जनरल टिकट खरीदने के बाद वह ओवर ब्रिज पर जाकर ट्रेन का इंतजार करने लगे। इस दौरान दोनों युवकों ने अपने मोबाइल फोन चार्जिंग पाइंट पर लगा दिए थे। करीब डेढ़ घंटे बाद देखा तो उनके मोबाइल चोरी हो चुके थे। चोरी गए मोबाइलों की कीमत 18 हजार रुपए बताई गई है। जेब में रखा मोबाइल चोरी बैतूल निवासी अंकेश आर्य पुरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार होकर भोपाल से बैतूल जा रहा था. ट्रेन में चढऩे के बाद देखा तो उसकी पैंट की जेब में रखा मोबाइल फोन गायब था। रेडमी नोट-10 कंपनी के पर्पल मोबाइल की कीमत 12 हजार रुपए बताई गई है। जीआरपी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।