पर्यावरण को बचाने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पिछले दो सालों से हर दिन पौधरोपण कर रहे हैं। 19 फरवरी को मुख्यमंत्री के पौधे लगाते दो साल पूरे हो रहे हैं। इस दिन पूरे प्रदेश में पौधरोपण को लेकर बड़ा अभियान आयोजित होगा। इसको लेकर निर्देश जारी हो गए हैं। सीएम मंत्रियों के साथ भोपाल में पौधा लगाएंगे। इस दिन कैबिनेट की बैठक भी होगी।
मध्य प्रदेश पर्यावरण विभाग की तरफ से सभी संभागायुक्त और कलेक्टर को पौधरोपण अभियान को लेकर निर्देश जारी किये गए हैं। इसमें प्रदेश में बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान आयोजित करने को कहा गया हैं। जिसके तहत जिले के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पौधरोपण कराने को कहा गया हैं। भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने सभी कैबिनेट मंत्रियों के साथ पौधा लगाएंगे। इसके लिए सभी मंत्रियों को रविवार को भोपाल में उपस्थित रहने को कहा गया हैं। बता दें पर्यावरण को स्वच्छ रखने व प्रकृति को प्राणवायु से समृद्ध रखने के लिए जन सहभागिता के माध्यम से व्यापक पौधरोपण अभियान अंकुर कार्यक्रम विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2021 से शुरू किया गया हैं।
पौधरोपण कर शुरू होगी विकास यात्रा
पर्यावरण विभाग की तरफ से जारी निर्देशों में पौधरोपण के लिए सभी नगरों और गांवों में जगह चिन्हित करने के लिए कहा गया है। साथ ही अन्य आवश्यक सुविधाएं जुटाने के निर्देश दिये गए हैं। रविवार को पौधरोपण कराकर विकास यात्राएं निकाली जाएगी। इसमें प्रत्येक संस्थान में पांच पौधे लगाने को कहा गया हैं। साथ ही अभियान का सोशल मीडिया पर प्रचार प्रसार करने को कहा गया हैं।