एमपी मौसम आज: दिन का तापमान साढ़े 35 डिग्री तक पहुंच गया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश में गर्मियों सा मौसम होने लगा है। दिन का तापमान साढ़े 35 डिग्री तक पहुंच गया है। फरवरी में दिन का पारा इतना ऊपर अमूमन कम ही पहुंचता है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस बार गर्मी भी तेज पड़ने वाली है। हवाओं का रुख बदलने से पारा लगातार उछल रहा है। ऐसा मौसम तीन-चार दिन और बना रहेगा। यानी लोगों को ठंडी में गर्मी का अहसास होता रहेगा।
मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। सभी संभागों में न्यूनतम तापमान में भी कोई विशेष परिवर्तन नहीं रहा। प्रदेश में रीवा में 8.2 तो मलाजखंड में 8.3 डिग्री तापमान रहा। अगले 24 घंटों में मौसम शुष्क बना रहेगा। कल से तापमान में वृद्धि की संभावना बन रही है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अधिकांश जिलों में रात का पारा फिर दस डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे ठंडा रीवा रहा। रीवा में 8.2, मलाजखंड में 8.3, उमरिया में 9.4, पचमढ़ी-मंडला में 10, बैतूल-दतिया-नौगांव में 10.8, धार में 10.9 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। वहीं दिन का पारा भी लगातार उछाल भर रहा है। प्रदेश में दिन का तापमान 36 डिग्री के पास पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे गर्म राजगढ़ रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार लगातार हवाओं का रुख बदल रहा है। राजस्थान और गुजरात की ओर से आ रही हवाएं तापमान बढ़ा रही हैं। दोनों ही राज्यों में गर्मी का असर है। वहीं वर्तमान में उत्तर भारत में कोई भी वेदर सिस्टम एक्टिव नहीं है। अगले तीन-चार दिन तापमान बढ़ने का सिलसिला जारी रह सकता है। फरवरी में पारा इतना ऊपर जाते बहुत कम देखा जाता है। जानकारों की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में पाकिस्तान और उसके आसपास एक्टिव है। इस सिस्टम के कमजोर रहने के कारण अभी मौसम के मिजाज में विशेष परिवर्तन होने के आसार कम ही हैं।