मध्य प्रदेश कांग्रेस सभी जिलों में 24 जून को करेंगी प्रदर्शन (फाइल फोटो)
प्रदेश में चुनाव से पहले कांग्रेस भाजपा को घोटाले और भ्रष्टाचार पर घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत प्रदेश के सभी जिलों में 24 जून को प्रदेश व्यापी धरना-प्रदर्शन करने जा रही है। इसमें कांग्रेस भाजपा सरकार को महाकाल लोक में भ्रष्टाचार, सतपुड़ा भवन में आग, बिजली कटौती, प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार, महंगाई, गैस सिलिंडर, पेट्रोल-डीजल, बेरोजगारी, महिलाओं, किसानों, अबोध बालिकाओं पर अत्याचार सहित अन्य मुद्दे उठा कर घेरेगी।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि वरिष्ठ नेतागण, जिनमें अभा कांग्रेस के महासचिव और मध्य प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल ग्वालियर, दिग्विजय सिंह दतिया, डॉ. गोविंद सिंह उज्जैन, विवेक तन्खा और संजय कपूर जबलपुर, सुरेश पचौरी भोपाल, अरूण यादव बुरहानपुर, कांतिलाल भूरिया झाबुआ, अजयसिंह सीधी, सीपी मित्तल सतना, सज्जन सिंह वर्मा देवास, एनपी प्रजापति नरसिंहपुर, जीतू पटवारी इंदौर और कमलेश्वर पटेल रतलाम में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगे।
धरना प्रदर्शन में जिला, विधानसभा, ब्लाक स्तर के पदाधिकारी, मंडलम सेक्टर के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं सहित कांग्रेस पक्ष के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों सहित स्थानीयजन शामिल होंगे।