मुख्यमंत्री को धार्मिक स्थल परिसर के पास राजदूत होटल के द्वारा गंदगी फैलाने और शराब का सेवन कराने से संबंधित शिकायत मिली थी। इस पर मुख्यमंत्री ने भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया को होटल के विरुद्ध तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन ने एक होटल को सील कर दिया। दरअसल होटल द्वारा गंदगी और शराब सेवन की शिकायत की गई थी। जिसके बाद सीएम ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को वीर बालदिवस कार्यक्रम पर हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारे में शामिल हुए। यहां पर धर्मावलंबियों ने मुख्यमंत्री को धार्मिक स्थल परिसर के पास राजदूत होटल के द्वारा गंदगी फैलाने और शराब का सेवन की शिकायत की थी। इस पर मुख्यमंत्री ने भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया को होटल के विरुद्ध तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर से कहा कि ऐसी गड़बड़ नहीं होना चाहिए। सब बंद होना चाहिए। तत्काल एक्शन लो।
कलेक्टर अविनाश लवानिया ने मुख्यमंत्री के निर्देश मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की। जिला प्रशासन, नगर निगम और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राजदूत होटल के पूरे परिसर को सील कर दिया। इसमें होटल के काउंटर, रूम एवं बार सबकुछ शामिल है।
विज्ञापन
एसडीएम जमील खान ने बताया कि कार्रवाई के व्यक्ति होटल में एक व्यक्ति ठहरा हुआ था, जो चेक आउट कर रहा था। होटल मेें गंदगी फैली हुई थी। बिल्डिंग की हालत भी ठीक नहीं थी। होटल संचालक ने लंबे समय से प्रापर्टी टैक्स भी नहीं भरा हुआ है। होटल के बार समेत बिल्डिंग को सील किया गया। अब जांच के साथ आगे की कार्रवाई की जाएगी।