राज्य सरकार शनिवार को सुबह नौ बजे से संस्कारधानी-जबलपुर में अपना दूसरा रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आरआईसी आयोजित कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 80 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 'नेताजी सुभाष चंद्र बोस सांस्कृतिक और सूचना केंद्र' का उद्घाटन कर यहां होने वाले क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। सम्मेलन में प्रमुख उद्योगपतियों, विभिन्न उद्योग संघों के प्रतिनिधियों और प्रमुख विदेशी प्रतिनिधियों सहित 3500 से अधिक उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 60 से अधिक इकाइयों का वर्चुअली उद्घाटन कर उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे।
ये निवेशक होंगे शामिल
रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में शामिल होने वाले औद्योगिक व व्यावसायिक समूहों में बैद्यनाथ, आईटीसी, वोल्वो, आयशर, बेस्ट कॉर्प, एसआरएफ एवं दावत प्रमुख हैं। आरआईसी में ताइवान, मलेशिया, ब्रिटेन, फिजी, जापान और इंडोनेशिया के प्रमुख विदेशी प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथि प्रदेश के एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप और पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह उपस्थित रहेंगे।
क्षेत्रीय क्षमता का दोहन करना है उद्देश्य
जबलपुर में हो रही आरआईसी के पहले मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा और जबलपुर सहित अन्य क्षेत्रों के उद्योगपतियों के साथ बैठक कर औद्योगिक निवेश के लिए प्रोत्साहित किया था। सम्मेलन का उद्देश्य क्षेत्रीय क्षमता का दोहन कर औद्योगिक विकास में क्षेत्रीय असमानताओं को दूर करना है। जबलपुर क्षेत्र की औद्योगिक क्षमताओं और अवसरों से निवेशकों को रूबरू करवाकर क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देना है। इस इनोवेटिव कॉन्क्लेव का उद्देश्य प्रमुख बाजारों से निवेशकों को एक मंच पर लाकर, सार्थक चर्चा कर सहयोग को बढ़ावा देना है।
क्षेत्रीय सत्रों में होगी क्षेत्र विशेष में निवेश पर चर्चा
जबलपुर एवं आसपास के क्षेत्र की निवेश संभावनाओं पर केंद्रित पांच क्षेत्रीय सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें कृषि, खाद्य एवं डेयरी प्र-संस्करण, रक्षा, खनन एवं खनिज, कपड़ा एवं परिधान तथा पर्यटन शामिल हैं। साथ ही उद्योग संघों, स्टार्ट-अप्स एवं रक्षा, कपड़ा एवं परिधान के विशेषज्ञों के साथ राउंड-टेबल चर्चा भी होगी। सम्मेलन में 300 से अधिक क्रेता-विक्रेता मीटिंग्स और वन-टू-वन चर्चा भी होगी। निवेशकों को महाकौशल का अनुभव प्रदान करने के लिए जबलपुर एक्सपो और रक्षा प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम और नेटवर्किंग डिनर के साथ होगा, जिसमें क्षेत्र की संस्कृति और व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा।