मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित यूथ महापंचायत में मप्र की युवा नीति घोषित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवा पोर्टल का भी लोकार्पण किया। चुनावी साल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बेरोजगार युवाओं को साधने के लिए मुख्यमंत्री युवा कौशल कमाई योजना का भी एलान किया है। इस योजना में अलग-अलग क्षेत्रों में युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। लर्न एंड अर्न के सिद्धांत पर आधारित इस योजना में न्यूनतम 8000 रुपये मासिक दिए जाएंगे। युवा नीति में 15 से 29 साल के युवा पात्र होंगे। मुख्यमंत्री ने नौकरियों के आवेदनों के लिए साल में एक बार शुल्क लेने का भी बड़ा एलान किया।
प्रदेश में राज्य स्तरीय युवा आयोग का पुनर्गठन 5 अप्रेल तक कर दिया जाएगा। ताकि आपके सुझाव आते रहें। अगले साल से बजट में "युवा बजट" शामिल किया जाएगा।
अगले वर्ष से हर साल प्रदेश में #खेलो_एमपी_यूथ_गेम्स का आयोजन किया जाएगा : CM#MPYouthMahapanchayat#युवा_कौशल_कमाई_योजना_MP pic.twitter.com/QAvZbHQ8mk
ये घोषणाएं भी कीं
युवाओं से अपील-जन्मदिन पर एक पौधा लगाएं
पर्यावरण को बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने युवाओं से जन्मदिन पर एक पौधा लगाने की अपील की। उन्होंने मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग करने को कहा। साथ ही मोबाइल का ज्यादा उपयोग करने की जगह खेल के मैदान में खेलने की सलाह भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के कारोबारियों को तबाह और बर्बाद करने की जरूरत है। एक अप्रैल से शराब के अहाते बंद कर दिए जाएंगे। बाहर भी कोई पार्क या सड़क पर नशा करते मिला तो पुलिस से डंडे बजवाऊंगा।
युवा नीति का उद्देश्य
इस नीति का उद्देश्य है कि प्रदेश के युवा ऐसे उद्यमी बनें जो आत्मविश्वास के साथ जोखिम लेने के लिए तैयार हों। आर्थिक और वित्तीय व्यवस्था एवं संरचना के प्रति जागरूक हों। मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ हों। कृषि एवं पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी हों। समावेशी एवं न्यायपूर्ण हो। प्रतिभागिता की भावना से युक्त हों। वैज्ञानिक स्वभाव एवं दृष्टिकोण से युक्त हों। तथ्यों के आधार पर युक्तियुक्त निर्णय लेने में समर्थ हों। अपनी संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति आदर भाव से युक्त हों। राष्ट्र निर्माण एवं अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित हों। भविष्य में नेतृत्व प्रदान करने हेतु समर्थ हों। शिक्षा एवं कौशल अर्जित कर रोजगार के योग्य हों।
युवा नीति के कार्यक्षेत्र
शिक्षा एवं कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता, स्वास्थ्य, युवा नेतृत्व और सामाजिक कार्य, खेल एवं फिटनेस, कला एवं संस्कृति, पर्यावरण सुरक्षा, समावेशन और समता।
मेधावी योजना में आय सीमा अब 8 लाख
शिक्षा में सुधार के लिए सीएम ने कहा कि हम 'सीएम राइज' स्कूल बना रहे हैं, जो अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। पढ़ाई में सबसे बढ़ी बाधा फीस बनती है, हमने मुख्यमंत्री मेधावी योजना बनाई, उसमें हमने तय किया कि यदि आप में प्रतिभा है और आपका उच्च शिक्षण संस्थानों में आपका एडमिशन होता है तो आपकी फीस मामा भरवाएगा। आज तक 6 लाख रुपये मेधावी योजना की आय सीमा थी उसे में आज 8 लाख रुपये महीना कर रहा हूं। मेधावी योजना में सुधार के लिए कोई सुझाव होंगे तो हम उसे भी लागू कर देंगे। उन्होंने युवाओं से कहा कि मैं तुम्हारी जिंदगी में कोई बाधा नहीं बनने दूंगा। सीएम राइज स्कूल बनाकर हम प्राइवेट स्कूल जैसी सुविधाएं देंगे।
सरकारी स्कूल के बच्चों को 5 फीसदी आरक्षण
सीएम ने कहा कि अब नीट के माध्यम से मेडिकल कॉलेज में भर्ती होती है, कई बार सरकारी स्कूलों के बच्चे रह जाते हैं, इसलिए हम एक परिवर्तन कर रहे हैं, नीट के रिजल्ट की दो लिस्ट बनेगी। एक सामान्य सूची बनेगी। एक सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए 5 फीसदी का आरक्षण देकर बनाएंगे। बची 95 फीसदी सूची सामान्य नीट के आधार पर बनेगी। हम पर अंग्रेजी लाद दी गई, मध्य प्रदेश में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिंदी में कराई जाएगी। आने वाले समय में मेडिकल में हिंदी की सीटें भी रिजर्व करने की योजना बनाएंगे।
ग्वालियर, रीवा, सागर में भी ग्लोबल स्किल पार्क
शिवराज ने कहा कि भोपाल में सिंगापुर की तर्ज पर स्किल ग्लोबल पार्क बना रहे हैं, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर में भी ग्लोबल स्किल पार्क बनाएंगे, जिससे गुणवत्तापूर्ण व्यवसायिक शिक्षा हमारे युवाओं को मिल सके।