पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के भाजपा नेता और पूर्व मंत्री इमरती देवी को लेकर दिए बयान पर सियासत गरमा गई है। लोकसभा चुनाव के प्रचार के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बयान पर घिरते जा रहे है। हालांकि उन्होंने अपने बयान को तोड़मरोड़कर पेश करने की बात कहने के साथ ही खेद जताया है। इमरती देवी के लिए रस, चाशनी जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर भाजपा जीतू पटवारी के बयान को लेकर हमलावर हो गई है। इसके बावजूद इमरती देवी का उनके खिलाफ केस करने और माफी मांगने पर भी वापस नहीं लेने का बयान सामने आया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी पटवारी पर निशाना साधा है। शुक्रवार को भाजपा मीडिया सेंटर में राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी बार-बार महिलाओं का अपमान कर रही है। उनके नेताओं ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस पार्टी में महिलाओं का कोई सम्मान नहीं है। इमरती देवी के ऊपर दिया गया बयान समाज और पूरे महिला वर्ग के लिए है। उन्होंने कहा कि इससे साबित हो गया कि कांग्रेस पार्टी का चरित्र एवं मानसिकता घृणित और महिला विरोधी है। उन्होंने जीतू पटवारी से सवाल करते हुए कहा कि क्या वह अपने घर में भी मां, बहन और बेटी के लिए इस प्रकार के शब्दों का प्रयोग करते है। गौर ने पटवारी के बयान को पूरे दलित समाज का अपमान बताया।
सोनिया गांधी प्रदेश अध्यक्ष से ले इस्तीफा
इमरतीदेवी ने कहा कि मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि कांग्रेस के लोगों को सद्बुद्धि दें। कभी कमलनाथ बोलते है आइटम, कभी दिग्विजय सिंह कहते है टंच मॉल, अब जीतू पटवारी कह रहे है कि रस निकल गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को महिलाओं पर ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के संविधान से सभी समाज की महिलाएं बाहर निकली है। उन्होंने कहा कि वह तो दलित वर्ग से आती है। उन्होंने कहा कि वह सोनिया गांधी और राहुल गांधी से निवेदन करना चाहती है कि ऐसे प्रदेश अध्यक्ष से उनको इस्तीफा लेना चाहिए।
सिंधिया ने बताया पूरी पार्टी की मानसिकता
पटवारी के बयान पर केंद्रीय मंत्री और गुना से भाजपा के प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह केवल इनके बोल नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी की मानसिकता है। दलितों व खासकर महिलाओं का अपमान इस पार्टी की रीत बन गई है। बाबा साहब अंबेडकर ने देश की महिलाओं व दलितों को अपने सम्मान के लिए लड़ने की प्रेरणा दी है। हमारे मध्य प्रदेश के दलित भाई-बहन, इमरदेवी के ऊपर इनकी ओछी टिप्पणी का बदला आगामी 7 तारीख को अपने वोट से लेगी। जय भीम।
पटवारी को दिखाएं काले झंडे
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद माया नारोलिया ने कहा कि इमरती देवी का अपमान भाजपा महिला मोर्चा नहीं सहेगा। जीतू पटवारी के बयान की महिलाएं घोर निंदा करती है। उन्होंने सोनिया गांधी से सवाल पूछते हुए कहा कि आपके नेता आय दिन महिलाओं के ऊपर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते है। खुद को महिला हितैषी बताने वाली कांग्रेस पार्टी खुद का अपमान करते चली आ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा और कार्यकर्ता जीतू पटवारी की जहां भी सभा होगी, उनको काले झंडे दिखाएंगे।
यह कहा था पटवारी ने
बता दें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रियंका गांधी की मुरैना में आयोजित सभा के बाद ग्वालियर में मीडिया से बातचीत में इमरती देवी के कांग्रेस के समर्थन में प्रचार करने को लेकर वायरल वीडियो पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि अब इमरती देवी का रस खत्म हो गया है अंदर जो चाशनी होती है...। इसलिए अब मैं उनके लिए कोई बात नहीं करुंगा।
बाद में बयान पर किया खेद व्यक्त
हालांकि जीतू पटवारी ने अपने बयान पर कुछ घंटे पर सोशल मीडिया पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि मेरे एक बयान को तोड़मरोड़कर, गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा है। मेरी मंशा सिर्फ सवाल के जवाब को टालने की थी। उन्होंने लिखा कि इमरतीज जी मेरी बड़ी बहन जैसी हैं और बड़ी बहन मां के समान होती है। यदि फिर भी किसी को ठेस पहुंची हो, तो मैं खेद व्यक्त करता हूं।