मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए केंद्रीय नेताओं के दौरे तेज हो गए हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश में लगातार दौरे कर रहे हैं। अमित शाह गुरुवार को मंडला एवं कटनी में जनसभा एवं स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाह दोपहर 12.50 बजे मंडला के रपटा घाट पर मां नर्मदा के दर्शन कर पूजन-अर्चना करेंगे। इसके बाद दोपहर 1.10 बजे सर्किट हाउस के सामने स्थित रानी दुर्गावती प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे एवं दोपहर 1.30 बजे पुलिस ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। शाह दोपहर 2.50 बजे कटनी के विजयनाथ धाम मंदिर में दर्शन कर पूजन-अर्चना करेंगे। दोपहर 3.10 बजे विजयनाथ धाम मेला ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे।
14 को मोदी पिपरिया आएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह के समर्थन में होशंगाबाद के पिपरिया में सभा करेंगे। वहीं, 20 अप्रैल को प्रधानमंत्री का सागर दौरा प्रस्तावित है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने जबलपुर में भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे, बालाघाट में भारती पारधी, अब नर्मदापुरम में दर्शन सिंह और सागर में लता वानखेड़े के लिए जनसभा करेंगे। अभी तक इन चारों प्रत्याशियों को मौजूदा सांसदों को टिकट काटकर दिए हैं। ये सभी पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री के रोड शो और रैली भी इसी बात को ध्यान में रखकर तय किए गए हैं। दरअसल, भाजपा ने 400 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। ऐसे में कमजोर प्रत्याशियों की सीटों पर पार्टी कोई रिस्क नहीं लेना चाहती है। सागर जनसभा से प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति वर्ग के वोटरों को भी साधेंगे।
राजनाथ सिंह की कल मऊगंज और सतना में जनसभा
केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को रीवा एवं सतना जिलों के प्रवास पर रहेंगे।सिंह दोपहर 12 बजे मऊगंज जिले की देवतालाब विधानसभा के नईगढ़ी देवतालाब ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। सिंह दोपहर 2.30 बजे सतना जिले की नागौद विधानसभा के अंगोला ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
जेपी नड्डा 12 को कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्र्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 12 अप्रैल को सीधी एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान आप जनसभा एवं स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 12 अप्रैल को दोपहर 11 बजे सीधी के बहरी में जनसभा को संबोधित करेंगे। नड्डा दोपहर 2.30 बजे छिंदवाड़ा के दशहरा मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।
एमपी में चार चरणों में चुनाव
मध्य प्रदेश में चार चरणों में चुनाव है। प्रथम चरण में 19 अप्रैल को जबलपुर, छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट, सीधी और शहडोल में मतदान होगा। इसके बाद दूसरे चरण में 6 सीटों दमोह, खजुराहो, होशंगाबाद, रीवा, सतना, टीकमगढ़ में 26 अप्रैल को, तीसरे चरण में 7 मई को 9 सीटों पर मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़, बैतूल और चौथे चरण में 13 मई को 8 सीट देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर,खरगोन और खंडवा में मतदान होगा।