मध्य प्रदेश में चीतों की मौत को लेकर सरकार ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) जसबीर सिंह चौहान को हटा दिया है। इस संबंध में वन विभाग की तरफ से सोमवार को आदेश जारी किए गए। आदेश में नया पीसीसीएफ (वन्यप्राणी) भारतीय वन सेवा के 1988 बैच के असीम श्रीवास्तव को बनाया गया है। वहीं, उनकी जगह पर भारतीय वन सेवा के 1987 बैच के अधिकारी जसबीर सिंह चौहान को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (उत्पादन) मुख्यालय पदस्थ किया गया।
बता दें कूनो नेशनल पार्क में पिछले चार महीने में आठ चीतों की मौत हो चुकी है। इसमें पांच चीते और तीन शावक शामिल है। अब कूनो नेशनल पार्क में 15 चीते और एक शावक बचा है। इससे पहले केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने चीते की मौत पर कहा था कि इंटरनेशनल विशेषज्ञों की टीम कूनो में जांच करेंगी। चीतों को कूनो से दूसरी जगह शिफ्ट नहीं किया जाएगा।
बता दें प्रदेश में 70 साल बाद भारत में चीतों की वापसी हुई है। पिछले साल 17 सितंबर 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन पर नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को प्रदेश के श्योपुर जिले के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़ा था। इसके बाद 12 चीते दक्षिण अफ्रीका के लाए गए हैं। एक मादा चीते ने चार शावकों को जन्म दिया। इस तरह कूनो में शावकों सहित कुल 24 चीते हुए, लेकिन पांच चीते और तीन शावकों की अब तक मौत हो चुकी है।