राजधानी भोपाल में मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। बुधवार को मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी मनीष सिंह ने डिपो और सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि प्रायोरिटी कॉरिडोर का 31 मार्च की स्थिति में शहर के आठ स्टेशनों का ओपन फाउंडेशन का काम 90 फीसदी पूरा कर लिया गया। पीयर का कार्य करीब 80 फीसदी और गर्डर कास्टिंग का कार्य करीब 50 फीसदी पूरा कर लिया गया है। मनीष सिंह ने सुभाष नगर के साथ बाकी मेट्रो स्टेशन के काम भी जल्द जल्द पूरा करने को कहा। साथ ही काम की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाने की बात कही।
पटरी बिछाने का काम इसी माह अंत से
अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक कान्ट्रैक्टर एलएंडटी ने सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है। जिंदल स्टील एंड पॉवर लिमिटेड द्वारा पटरी की सप्लाई लगातार जारी है। अप्रैल माह में भोपाल में लगभग 900 मीट्रिक टन पटरी की डिलिवरी हो चुकी है। सिंह ने कि पटरी बिछाने और वेल्डिंग का काम जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने इसी माह के अंत तक पटरी बिछाने का काम शुरू होने जाने की जानकारी दी।
यहां बन रहे आठ मेट्रो स्टेशन
भोपाल में 30.95 किमी को मेट्रो ट्रैक प्रस्तावित है। इसमें से साढ़े सात किलोमीटर का प्रायोरिटी ट्रैक बनाया जा रहा है। इसमें सुभाष नगर से एम्स तक आठ मेट्रो स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इसमें से सुभाष नगर, केंद्रीय विद्यालय, बोर्ड ऑफिस चौराहा, एमपी नगर जोन-2, रानी कमलापति, डीआरएम ऑफिस, अल्कापुरी और एम्स में आठ मेट्रो स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इसमें से अप्रैल तक सुभाष नगर, बोर्ड ऑफिस चौराहा, एमपी नगर स्टेशन के सिविल कार्य पूरी तरह तैयार हो जाएंगे। रेलवे स्ट्रेशन को छह डिब्बों के अनुसार तैयार किया जा रहा है। हालांकि, शुरुआत में तीन-तीन डिब्बों के साथ ही मेट्रो दौड़ेगी।