मध्य प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है। कई इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है। तापमान लुढ़क रहा है। अगले 24 घंटों में भी झमाझम बारिश होने वाली है। आधे प्रदेश यानी की 27 जिलों में जोरदार बारिश की संभावना है। 13 जिलों में अतिभारी तो 14 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के चंबल, उज्जैन, नर्मदापुरम, शहडोल संभागों के जिलों में अधिकांश स्थानों पर, ग्वालियर, रीवा, सागर, जबलपुर संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर, इंदौर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर तथा भोपाल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। मिहोना, बागली, रौन में 11, पचमढ़ी, प्रभातपट्टन में 9, अनूपपुर, लहार में 8, सोनकच्छ, जावर में 7, अठनेर, मोहगांव में 6 सेंटीमीटर तक पानी गिरा है।
अगले 24 घंटे के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि भोपाल, नर्मदापुरम, इंदौर, रीवा, सागर, शहडोल, जबलपुर संभागों के जिलों में तथा रतलाम, शाजापुर, उज्जैन, देवास, आगर जिलों में अनेक स्थानों पर, ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में तथा नीमच, मंदसौर जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट बता रहा है कि नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, धार, देवास, सीहोर, मंडला, बालाघाट, सागर, छतरपुर जिलों में अति भारी बारिश की संभावना है। यलो अलर्ट के मुताबिक अलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी, रतलाम, विदिशा, रायसेन, टीकमगढ़, निवाड़ी, दमोह, पन्ना, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा व सिवनी जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।