मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक बार फिर से भाजपा पर हमला बोला है। दरअसल भारतीय जनता पार्टी इस बार लोकसभा चुनाव में मोदी की गारंटी की बात को लेकर जनता के बीच जा रही है। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि पर लिखा है कि इस लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक्सपायरी डेट वाली गारंटी लेकर मैदान में है। उन्होंने कहा है कि भाजपा दुनिया की इकलौती ऐसी पार्टी है जो जिस बात की गारंटी देती है, उसी बात पर यूटर्न मार देती है। इसलिए अपनी अक्ल लगाएं, भाजपा के झांसे में न आएं।
महिलाओं को तीन हजार देने की गारंटी अभी तक अधूरी
पूर्व सीएम कमलनाथ ने आगे लिखा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश की महिलाओं को 3000 रुपया महीने देने की गारंटी दी थी, लेकिन आज तक पूरी नहीं की। भाजपा ने 450 रुपया में गैस सिलेंडर देने की गारंटी दी थी, लेकिन पूरी नहीं की। भाजपा ने 2700 रुपये क्विंटल गेहूं खरीदने की गारंटी दी थी, लेकिन पूरी नहीं की। भाजपा ने 3100 रुपया क्विंटल धान खरीदने की गारंटी दी थी, लेकिन आज तक पूरी नहीं की। भाजपा ने किसानों का 50000 रुपये तक का कर्ज माफ करने की गारंटी दी थी, लेकिन आज तक पूरी नहीं की। बाकी आप समझदार हैं।