मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव में इस बार भी भाजपा को बढ़त मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। 1 जून शाम को सामने आए तमाम सर्वे में भारतीय जनता पार्टी को 28-29 सीटें दी गई हैं। अपनी बड़ी जीत का दावा कर रही कांग्रेस इन आंकड़ों से चिंतित नजर आ रही है। क्योंकि कई सर्वे में भाजपा को क्लीन स्वीप दिया जा रहा है। इसका सीधा सा मतलब है कि छिंदवाड़ा भी इस बार कांग्रेस के हाथ से जाती दिख रही है।
बता दें कि मध्य प्रदेश की 29 सीटों के लिए चार चरणों में मतदान हुआ था। कांग्रेस लगातार दावा कर रही थी कि इस बार प्रदेश में भाजपा को बड़ा नुकसान होगा। पर आज आए एग्जिट पोल भाजपा को बढ़त दिखा रहे हैं। हालांकि एग्जिट पोल सिर्फ अनुमान हैं। 4 जून को आने वाले नतीजे तय करेंगे कि प्रदेश में किस दल को कितनी सीटें मिली हैं।
क्या कहते हैं सर्वे
लोकसभा चुनाव के सातों चरण का मतदान होने के बाद एग्जिट पोल सामने आए हैं। हम यहां आपको बता रहे हैं कि किस सर्वे में किस दल को कितनी सीटें मिल रही हैं। न्यूज 24- टुडेज चाणक्य के सर्वे में भाजपा को प्रदेश की सभी 29 सीटें दी गई हैं। कांग्रेस को एक भी सीट इस सर्वे में नहीं दी जा रही है। इंडिया टीवी के सर्वे में भाजपा को 28 से 29 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। कांग्रेस को एक सीट दी जा रही है। एबीपी सी वोटर की मानें तो भाजपा को 26-28 सीटें तो कांग्रेस को 1-3 सीटें मिल सकती हैं। इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के सर्वे में भाजपा को 28-29 सीटें मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। कांग्रेस को 0-1 सीटें मिल सकती हैं। दावा किया जा रहा है कि नकुलनाथ भी अपनी सीट गंवा सकते हैं। वहीं एनडीए को 61 प्रतिशत वोट का अनुमान भी बताया गया है। टाइम्स नाऊ के सर्वे में भाजपा को सभी 29 सीटें दी जा रही हैं।
2019 कैसे रहे थे नतीजे
एग्जिट पोल एक तरह का सर्वे होता है, ये नतीजे नहीं होते। नतीजे इससे अलग भी हो सकते हैं। चार जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। लेकिन कई बार एग्जिट पोल नतीजों के आसपास भी होते हैं। बात करें 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल की तो ये नतीजों के नजदीक थे। अधिकांश सर्वे ने भाजपा को 28 से 29 सीटें मिलन का दावा किया था, और परिणाम में भी भाजपा को 28 सीटें मिली थीं।
एग्जिट पोल पर नेताओं की प्रतिक्रिया
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश और देश को बधाई देना चाहता हूं, खासकर आभार मानता हूं। यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जैसा कि हमारा अभियान चला था फिर एक बार मोदी सरकार, अभी तक जो रुझान आ रहे हैं। वो अपने आप में अत्यंत आनंददायी है। वैसे तो पूर्व प्रतीक्षित है, यद्यपि हम सब जानते हैं कि एक बार रिजल्ट आने के बाद इसका जो आनंद आता है, वो अलग बात है। चार तारीख को रिजल्ट भी आएगा, आज रुझान आए हैं। रुझान बता रहे हैं कि मध्य प्रदेश में 29 की 29 सीट, साथ ही देश भर में 370 से ऊपर सीटें आ रही हैं। ये यशस्वी प्रधानमंत्री की नेतृत्व में जो कहा था, वो करके दिखा रहे हैं। मैं अपनी ओर से देश वासियों-प्रदेश वासियों का आभार मानता हूं, उम्मीद करता हूं आपका प्रेम बना रहेगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश फिर आगे बढ़ेगा।
4 जून को एनडीए 400 पार : शिवराज सिंह चौहान
भोपाल पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चार जून को भारतीय जनता पार्टी 370 और एनडीए के साथ 400 पार जाएगी और यह मैं नहीं बल्कि देश की जनता कह रही है। देश की जनता का प्रधानमंत्री मोदी जी के प्रति जो विश्वास है वो अद्भुत और अभूतपूर्व है। पूर्व सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी भाजपा 29 की 29 सीटों पर विजयी पताका लहराएगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए जनता मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए मैदान में उतरी है। हम भारी सफलता प्राप्त कर रहे हैं। विपक्ष हो या खरगे साहब सब जानते हैं, उनको अच्छी तरह से पता है कि उनके सारे दावे हवा हो रहे हैं। उनके कार्यकर्ता काउंटिंग में तो चले जाएं इसलिए ऐसा बोलकर अपना दावा पेश कर रहे हैं।
400 से अधिक सीटें जीतेंगे, देश ने अवसरवादियों को नकारा
एग्जिट पोल के नतीजों पर पूर्व गृह मंत्री व भाजपा न्यू जॉइनिंग टोली के संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि देश ने एक बार फिर अवसरवादियों को नकार दिया है। यह तय है कि अंतिम परिणाम में भाजपा गठबंधन चार सौ अधिक सीटो पर जीत दर्ज करेगी और मोदी जी फिर प्रधानमंत्री बनेंगे। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा एग्जिट पोल के नतीजों ने बता दिया है कि देश ने अवसरवादियों को नकार कर फिर प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास करके राष्ट्रभक्त सरकार के लिए वोट दिया है। भाजपा गठबंधन तो 400 सीटें जीतेगी ही, मध्य्प्रदेश में भी भाजपा सभी 29 सीटों पर विजय प्राप्त करेगी।