शिवराज ने प्रियंका से पूछे सवाल
- फोटो : सोशल मीडिया
पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया (पीएफआई ) पर की गई कार्रवाई को लेकर भाजपा कांग्रेस आमने सामने हैं। पहले दिग्विजय सिंह और अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का इस मामले में बयान सामने आया है। उन्होंने मध्यप्रदेश दौरे पर आईं कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से पीएफआई को लेकर दिग्विजय सिंह द्वारा दिए गए बयान पर सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि आपकी पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पीएफआई पर कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। पीएफआई पर कार्रवाई होती है, तो दिग्विजय सिंह विरोध करते हैं। क्या यही कांग्रेस का स्टैंड है। पीएफआई टेरर फंडिंग करती है। आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त है, वह देश के दुश्मन हैं।
आतंकवादियों को महिमा मंडित करना, सर्जिकल स्ट्राइक का विरोध करना, पीएफआई पर कार्रवाई का विरोध करने वाले बयान से क्या आप भी सहमत हैं। सीएम ने कहा कि प्रियंका आज मध्यप्रदेश में आपको जवाब देना पड़ेगा क्या दिग्विजय सिंह के बयान से आप सहमत हैं। कांग्रेस जवाब दे, प्रियंका गांधी जवाब दें। क्या पीएफआई पर कार्रवाई का कांग्रेस विरोध कर रही है।
इसका भी मांगा जवाब
आगे सीएम ने कहा कि प्रियंका जी आप मंडला आ रही हैं, आदिवासी जिला है, आप जवाब दें बैगा, भारिया, सहरिया जाति की पिछड़ी बहनों को मैं 1000 रुपये देता था, कमलनाथ ने, कांग्रेस सरकार ने वो क्यों बंद किये, आदिवासी बहनें जवाब मांग रही हैं। मुंह में राम बगल में छुरी, सामने आदिवासी प्रेम और पीछे दी गई सुविधा को समाप्त करने का अपराध आपने क्यों किया। प्रियंका जी जवाब तो देना होगा। क्या प्रियंका जी, पिछली बार की तरह मध्यप्रदेश में फिर झूठ की गारंटी देने आ रही हैं, जवाब तो देना होगा।