मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले शिवराज सरकार ने प्रदेश में दो नए जिले मैहर और पांढुर्णा का गठन करने के आदेश जारी किए है। शिवराज कैबिनेट की स्वीकृति के बाद राजस्व विभाग ने आदेश जारी किए।
मध्य प्रदेश राजस्व विभाग ने अधिसूचना जारी कर पांढुर्णा को नया जिला बनाने का गठन किया है। जिसमें पांढुर्णा तहसील के सभी 74 हल्के तथा सौंसर तहसील के सभी 63 हल्के इस प्रकार कुल 137 हेल्क समाविष्ठ होंगे। पांढुर्णा जिले के गठन के बाद छिंदवाड़ा जिले में शेष 12 तहसीलें क्रमश: अमरवाड़ा, उमरेठ, चांद, चौरई, छिंदवाड़ा, छिंदवाड़ानगर, जुनारदेव, तामिया, परासिया, बिछुआ, मोहखेड़, हर्रई के हल्के कुल 686 हल्के शेष रहेंगे।
इसी प्रकार राजस्व विभाग ने मैहर नए जिले का गठन किया है। इसका मुख्यालय मैहर रहेगा। इसमें मैहर तहसील के 122 पटवारी हल्के, अमरपाटन के सभी 53 हल्के और रामनगर के सभी 59 पटवारी हल्के कुल 234 पटवारी हल्के शामिल होंगे। मैहर जिले के बनने के बाद सतना जिले में कुल 496 पटवारी हल्के शामिल होंगे।