कलेक्टर सिंह ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह ने शुक्रवार को मतगणना स्थल पुरानी जेल पहुंचकर स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण किया। विधानसभा निर्वाचन-2023 अंतर्गत आगामी 03 दिसंबर को जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए होने वाली मतगणना यहां की जायेगी। भोपाल की सात विधानसभा सीट की सभी ईवीएम को यहां रखा गया है।
कलेक्टर सिंह ने विधानसभावार बनाए गए मतगणना कक्षों में जाकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही डाक मतपत्रों की गणना के लिए की जा रही तैयारियों, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को भी देखा। उन्होंने आरओ को मतगणना के संबंध में विभिन्न निर्देश भी दिये। इसके साथ मतगणना स्थल पर बाहर एवं भीतर की व्यवस्था के संबंध में भी निर्देश दिये। इस दौरान नोडल मतगणना संदीप केरकेट्टा, डिप्टी डीईओ रविशंकर राय सहित सभी आरओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे ।
सीईओ ने भी देखी थी व्यवस्था
इसके पहले गुरुवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने भी भोपाल में मतगणना स्थल का निरीक्षण किया था। इसके पहले वे रायसेन पहुंचे थे। राजनीतिक दलों की नजर स्ट्रॉन्ग रूम पर है। कांग्रेस लगातार स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रही है। काउंटिंग व्यवस्था को लेकर भी कांग्रेस में सवाल उठाए हैं। ऐसे में चुनाव आयोग भी कोई चूक नहीं होने देना चाहता है।